सोमवार को कैसे रहेगी बाजार की चाल? एक्सपर्ट से जानें BSE-NSE के बड़े अपडेट्स

कच्चे तेल की कीमतों और रुपये की चाल के बीच सोमवार को शेयर बाजार में हलचल रहने के आसार हैं। लगातार चार हफ्तों की गिरावट के बाद निफ्टी 24,000 के स्तर से नीचे है, जहां अब निवेशकों की नजर नए ग्लोबल संकेतों पर टिकी है।

भारतीय शेयर बाजार में पिछले पूरे सप्ताह दबाव और उतार-चढ़ाव का माहौल देखने को मिला। साप्ताहिक आधार पर गिरावट दर्ज करने के बाद अब सोमवार को नए कारोबारी सप्ताह की शुरुआत पर निवेशकों की सीधी नजर कच्चे तेल की कीमतों और भारतीय रुपये की चाल पर टिकी रहेगी। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक बाजार में कच्चा तेल फिलहाल 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जिसमें होने वाला कोई भी उतार-चढ़ाव घरेलू बाजार की धारणा को प्रभावित करेगा। इसके अलावा, हाल के सत्रों में रुपये में दर्ज की गई मजबूती भी आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share Market

अगले हफ्ते कैसा रहेगा बाजार का हाल

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी रिसर्च विश्लेषक विनय राजानी के अनुसार, तकनीकी स्तर पर निफ्टी अपने अहम 24,000 के स्तर के ऊपर टिकने में असमर्थ रहा। कारोबार के अंतिम चरण (क्लोजिंग ऑक्शन सेशन) में आई बिकवाली ने बाजार पर अतिरिक्त दबाव बनाने का काम किया। शुक्रवार को निचले स्तरों से रिकवरी देखने को मिली थी, लेकिन इसके बावजूद निफ्टी लगातार चौथे सप्ताह लाल निशान में बंद हुआ और पूरे हफ्ते के दौरान इसमें 1.15 प्रतिशत की कुल गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, एक राहत की बात यह रही कि एनएसई के कैश मार्केट ट्रेडिंग वॉल्यूम में पिछले सत्र की तुलना में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है, जो निवेशकों की सक्रियता को दर्शाती है।

End of Feed