Google CEO Sundar Pichai justifies job cuts: गूगल से 12 हजार कर्मचारियों के निकालने के फैसले पर कंपनी के सीईओ सुंदर पिचाई ने सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि कंपनी को यह फैसला मजबूरी में लेना पड़ा। अगर वह ऐसा नहीं करते तो इससे भी बुरा समय आ सकता था। उस दौर से बचने के लिए यह फैसला लेना पड़ा।
सुंदर पिचाई ने क्या दी सफाई
इसलिए हुआ यह फैसला
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार पिचाई ने एक इंटरनल मीटिंग में बताया कि कर्मचारियों की संख्या में 6 फीसदी कटौती करने का फैसला लेने से पहले उन्होंने कंपनी के फाउंडर और बोर्ड से परामर्श किया था। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी ने यह फैसला नहीं लिया होता और कंपनी की ग्रोथ धीमी होने के बाद यह फैसला लिया जाता तो समस्या और बढ़ने का जोखिम था।
इसके पहले गूगल ने 20 जनवरी को 12 हजार कर्मचारियों को निकालने का फैसला किया था। इसका बड़ा असर अमेरिका में काम कर रहे गूगल के कर्मचारियों पर ही दिखेगा।
पिचाई ने लिखी थी चिट्ठी
नौकरी से निकालने को लेकर कंपनी के सीईओ सुंदर पिचाई ने कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति भी जाहिर की है। सुंदर पिचाई ने चिट्ठी में लिखा है कि गूगल छोड़ने वाले लोगों की वह पूरी मदद करेंगे। उन्होंने लिखा कि कंपनी ने पिछले दो सालों में तेजी के दौर में भर्तियां की थीं। लेकिन आर्थिक रूप से देखें तो परिस्थितियां मौजूदा दौर से अलग थीं।
सुंदर पिचाई ने लिखा है कि अमेरिका में जिन कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है उन्हें 2022 के बोनस के साथ बाकी छुट्टियों के पैसे दिए जाएंगे। इसके अलावा 60 दिनों की नोटिफिकेशन सैलरी भी दी जाएगी। इसके साथ ही कंपनी 16 सप्ताह के वेतन के साथ जीएसयू भी देगी।
