ET Now Global Business Summit: देश की राजधानी दिल्ली में ET नाउ द्वारा ग्लोबल बिजनेस समिट के 9वें एडिशन का आयोजन किया गया और आज कार्यक्रम का दूसरा दिन था। इस एडिशन में ‘Evolve, Emerge, Expand’ विषय पर देश के दिग्गज बिजनेस लीडर्स, उद्यमी और जाने-माने एक्सपर्ट्स ने अपने विचार साझा किये हैं। कार्यक्रम के दूसरे दिन केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के विकास में महिलाओं की भूमिका के बारे में बात की। उन्होंने कहा ‘भारतीय विकास का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।’
ग्लोबल बिजनेस समिट में पीयूष गोयल ने क्या कुछ कहा
महिलाओं की ताकत
भारत में महिलाओं के सशक्तिकरण के बारे में बात करते हुए केन्द्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि 2014 से ही महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मोदी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा ‘हम इस बात को काफी पहले ही समझ चुके थे कि भारत तब तक विकसित नहीं होगा जब तक पूरे भारत का विकास सुनिश्चित नहीं होता। लेकिन यह सबकुछ तब तक सफल नहीं हैं जब तक भारतीय महिलाएं नेतृत्व करती नजर नहीं आएंगी। अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने बताया कि देश के कुल STEM ग्रैजुएट में से 43% संख्या महिलाओं की है। आपको बता दें कि STEM ग्रेजुएट का अर्थ विज्ञान, टेक्नोलॉजी, इंजिनियरिंग या गणित जैसे विषयों में स्नातक शिक्षा हासिल करने वाले लोगों से है।
महिलाओं जैसा कोई नहीं
संबोधन के दौरान केंद्रीय उद्योग मंत्री ने कहा ‘हमने महिलाओं के कल्याण के लिए हाल ही में बीमा सखी योजना शुरू की थी। यह योजना महिलाओं को बीमा एजेंट के रूप में कार्य करने की क्षमता प्रदान करेगी ताकि सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा दिया जा सके। इस दौरान मुझे इस योजना की लाभार्थी कुछ महिलाओं से मिलने का मौका मिला और यकीन मानिए जितने बेहतर तरीके से वो लोगों से जुड़ पाती हैं, वो सर्वश्रेष्ठ है।’ अपने संबोधन के समापन की तरफ बढ़ते हुए केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व के साथ मुझे नहीं लगता कि पृथ्वी पर मौजूद कोई भी ताकत भारत को विकसित होने से रोक सकती है।
