EPF Date of Exit Correction: अगर आप एक नौकरीपेशा हैं तो आपको यह जानकारी होनी चाहिए कि नौकरी बदलने के बाद EPFO सिस्टम में पुराने नियोक्ता की ओर से Date of Exit दर्ज करना जरूरी होता है। अगर पुराने PF अकाउंट में Date of Exit अपडेट नहीं है, तो नए नियोक्ता के PF अकाउंट में पुराना PF ट्रांसफर करने में परेशानी आ सकती है। हालांकि, पात्र कर्मचारियों को इसके लिए हर बार पुराने नियोक्ता पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होती। EPFO की ऑनलाइन सुविधा के जरिए UAN से जुड़े सदस्य अपने PF अकाउंट में Date of Exit खुद अपडेट कर सकते हैं।
कहीं गलत तो नहीं नौकरी छोड़े जाने की तारीख (Photo: iStock)
Date of Exit अपडेट करने से पहले ये शर्तें जानें
EPFO की गाइडलाइन के अनुसार, नौकरी छोड़ने के कम से कम दो महीने बाद ही Date of Exit अपडेट की जा सकती है। इसके अलावा, जो डेट दर्ज की जा रही है, वह उसी महीने के भीतर होनी चाहिए जिसमें पिछले नियोक्ता ने आखिरी PF योगदान किया था।
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए UAN एक्टिवेट और Aadhaar से लिंक होना चाहिए। साथ ही आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर भी आपके पास होना जरूरी है, क्योंकि प्रक्रिया के दौरान आधार बेस्ड ओटीपी से वेरिफिकेशन किया जाता है।
EPFO पोर्टल पर ऐसे करें Date of Exit अपडेट
- सबसे पहले आधिकारिक EPFO Member Portal पर UAN और पासवर्ड की मदद से लॉग-इन करें।
- लॉग-इन करने के बाद Manage विकल्प पर जाएं और Mark Exit चुनें।
- इसके बाद उस पुराने PF अकाउंट या Member ID को चुनें, जिससे जुड़ी नौकरी अब खत्म हो चुकी है।
- अब नौकरी छोड़ने का सही कारण चुनें और Date of Exit दर्ज करें।
- तारीख भरते समय अपने रोजगार रिकॉर्ड और आखिरी PF योगदान के महीने को जरूर जांच लें। इसके बाद Aadhaar आधारित OTP वेरिफिकेशन पूरा करें और रिक्वेस्ट सबमिट कर दें।
गलत Date पहले से दर्ज है तो क्या करें?
अगर Date of Exit पहले से दिखाई दे रही है, लेकिन गलत है, तो बिना जांचे नई तारीख दर्ज न करें। Date of Exit एक महत्वपूर्ण सर्विस रिकॉर्ड है और इसका असर PF ट्रांसफर सहित EPFO की दूसरी प्रक्रियाओं पर पड़ सकता है।
ऐसे में पहले अपनी सैलरी स्लिप, रिलीविंग लेटर या दूसरे रोजगार रिकॉर्ड से सही तारीख की पुष्टि करें। अगर ऑनलाइन सुविधा से जरूरी सुधार नहीं हो पा रहा है, तो पुराने नियोक्ता या EPFO की उचित शिकायत व्यवस्था से संपर्क करना पड़ सकता है।
बदलाव के बाद Service History जरूर चेक करें
Date of Exit अपडेट करने के बाद दोबारा EPFO पोर्टल पर लॉग-इन कर Service History में जानकारी जांच लें। यहां पुराने रोजगार से जुड़ी Member ID, कंपनी का नाम, Date of Joining और Date of Exit जैसी जानकारी दिखाई देती है। इससे यह पुष्टि की जा सकती है कि रिकॉर्ड सही तरीके से अपडेट हुआ है।
