ED Arrests Vivo Executives: भारत की फाइनेंशियल क्राइम एजेंसी ईडी (ED) या प्रवर्तन निदेशालय ने चीनी स्मार्टफोन मेकर वीवो (Vivo) के चार अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक चीनी नागरिक भी शामिल है। इन गिरफ्तारियों से भारत में चाइनीज फोन निर्माता की कानूनी परेशानियां बढ़ेंगी। यह गिरफ्तारी सीमा विवाद से लेकर भारत द्वारा चीनी बिजनेसों और निवेश की बढ़ती जांच जैसे मुद्दों पर बीजिंग और नई दिल्ली के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है।
ईडी ने वीवो के अधिकारियों को गिरफ्तार किया
क्या है पूरा मामला
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार ईडी ने वीवो के 4 अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों को 2022 के चल रहे एक मामले के संबंध में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें ईडी ने कंपनी के ऑफिसों पर छापा मारा था और उस पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया था।
कंपनी ने आरोपों को नकारा
कंपनी ने बार-बार इन आरोपों को नकारा है। इसने पहले कहा था कि कंपनी ने सभी आवश्यक जानकारी प्रदान करने के लिए अधिकारियों के साथ सहयोग किया है और ये कानूनों का पूरी तरह से अनुपालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कौन है वीवो का मालिक
वीवो की ओनर चीन की बीबीके इलेक्ट्रॉनिक्स है, जो भारत में ओप्पो और रियलमी जैसे ब्रांड भी ऑपरेट करती है। रिसर्च फर्म काउंटरप्वाइंट के आंकड़ों के मुताबिक, शिपमेंट में 17% बाजार हिस्सेदारी के साथ वीवो भारत में दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन ब्रांड है, जो सैमसंग से पीछे है।
