दिवाली आज है। ऐसे में कई बैंक ग्राहक इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि दिवाली के लिए 9, 10 या 11 नवंबर, 2026 को बैंक शाखाएं खुली रहेंगी या बंद रहेंगी। रोशनी का त्योहार देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग दिन मनाया जाता है और बैंकों की छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग हो सकती हैं। 9 नवंबर को कुछ राज्यों में दिवाली और लक्ष्मी पूजा मनाई जाएगी और इसलिए उन राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। अन्य राज्यों में अगले दिन (10 नवंबर) बलि प्रतिपदा और गोवर्धन पूजा के कारण बैंक बंद रहेंगे। जबकि कुछ राज्यों में, बैंक 11 नवंबर को भी बंद हैं। इसलिए यदि आपको बैंक शाखा से संबंधित कुछ काम पूरा करना है, तो बाहर निकलने से पहले, रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अवकाश कैलेंडर को देख लें।
बैंकों में छुट्टी
नवंबर 2026 में अलग-अलग त्योहारों के चलते देश के कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इस महीने दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती जैसे अवसरों पर अलग-अलग तारीखों में बैंक अवकाश रहेगा। इसके अलावा, वांगला महोत्सव, इगास-बग्वाल, सेंग कुट स्नेम और कनकदास जयंती जैसे क्षेत्रीय त्योहारों के कारण भी कुछ राज्यों में बैंकों में कामकाज नहीं होगा।
9 नवंबर 2026 को त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
10 नवंबर 2026 को गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में दिवाली (बाली प्रतिपदा), गोवर्धन पूजा, लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के अवसर पर बैंक अवकाश रहेगा।
11 नवंबर, 2026 को सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में लक्ष्मी पूजा (दीपावली)/निंगोल चक्कौबा/भ्रातृद्वितीया/भाईदूज/चित्रगुप्त जयंती मनाने के लिए बैंक बंद रहेंगे।
इसके अलावा, नवंबर में छठ पूजा, सूर्य षष्ठी (डाला छठ), इगास-बग्वाल, वांगला महोत्सव, सेंग कुट स्नेम, गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा, रहस पूर्णिमा और कनकदास जयंती जैसे अवसरों पर भी अलग-अलग राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा।
ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
बैंक की छुट्टियों के दौरान भी ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधा मिलती रहेगी। नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI, IMPS और ATM के जरिए पैसे ट्रांसफर करने, बैलेंस चेक करने और कैश निकालने जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
बैंकिंग ग्राहकों के लिए जरूरी बात
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, देश के सभी अनुसूचित और गैर-अनुसूचित बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। वहीं, पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहते हैं, बशर्ते उस दिन कोई घोषित बैंक अवकाश न हो।
