Many Amazon Employees Resign: ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन (Amazon) वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) कल्चर खत्म करने की तरफ बढ़ रही है। इससे कंपनी के बहुत से कर्मचारी इस्तीफा दे रहे हैं। इसी साल फरवरी में अमेजन ने अपने कर्मचारियों को हफ्ते में कम से कम तीन दिन ऑफिस आने को कहा था। कारोबार को बढ़ाने की उम्मीद में कंपनी ने मई में यह नियम लागू किया था।
अमेज़न के कई कर्मचारियों ने दिया इस्तीफा
हालाँकि, कर्मचारी इस अचानक हुए बदलाव से नाखुश हुए। इस साल मई में कंपनी के लगभग 2,000 कर्मचारियों ने ऑफिस में बुलाए जाने के आदेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। मगर अब जब कंपनी कर्मचारियों को ऑफिस बुला रही है तो कर्मचारी इस्तीफा दे रहे हैं।
ऑफिस नहीं आ रहे कर्मचारी
सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार कुछ दिन पहले, कर्मचारियों को एक मेल आया कि वे सप्ताह में कम से कम तीन दिन ऑफिस नहीं आ रहे हैं और अपने सहकर्मियों के साथ ऑफिस में जुड़ने की अपेक्षा को पूरा नहीं कर रहे हैं। अब कंपनी ने कुछ कर्मचारियों को टीम से जुड़ने के लिए 'सेंट्रल हब' में रीलोकेट होने के लिए कहा है।
ऑफिस आने के बजाय छोड़ रहे कंपनी
अमेजन ने कर्मचारियों से कहा कि वे रीलोकेट हों, या किसी अन्य पद के लिए अप्लाई करें या फिर रिजाइन कर दें। कई कर्मचारियों ने ऑफिस आने के बजाय इस्तीफा देने का फैसला किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेजन ने कर्मचारियों को 2024 की पहली छमाही तक किसी सेंट्रल हब में जाने के लिए कहा है, जो न्यूयॉर्क सिटी, सिएटल, ऑस्टिन, टेक्सास और अर्लिंगटन आदि में शामिल हैं।
वर्कफोर्स पर पड़ेगा असर
सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार अमेजन के एक प्रवक्ता के मुताबिक रीलोकेशन जनादेश से कंपनी के थोड़े वर्कफोर्स पर असर पड़ेगा। खास बात यह है कि जिन कर्मचारियों से रीलोकेट होने के लिए कहा जा रहा है, उन्हें कंपनी रीलोकेशन बेनेफिट्स भी देगी।
