मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने सुजुकी के पहले बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल (BEV), e VITARA का निर्यात शुरू कर दिया है। गुजरात के पिपावाव पोर्ट से 2,900 से भी ज्यादा e VITARA गाड़ियां यूरोप के 12 देशों को भेजी गईं। इन देशों में यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, नॉर्वे, फ्रांस, डेनमार्क, स्विट्जरलैंड, नीदरलैंड्स, स्वीडन, हंगरी, आइसलैंड, ऑस्ट्रिया और बेल्जियम शामिल हैं।
Maruti Suzuki e VITARA/Photo- Maruti
यह महत्वपूर्ण उपलब्धि कंपनी के गुजरात स्थित हंसलपुर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में 26 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के बाद प्राप्त हुई, जिसमें भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने e VITARA के उत्पादन का शुभारंभ किया एवं मारुति सुज़ुकी को 'मेक इन इंडिया' पहल का ब्रांड एम्बेसडर कहा।
e VITARA का उत्पादन विशेष रूप से मारुति सुजुकी की गुजरात स्थित प्लांट में किया जा रहा है। सुजुकी ने भारत को e VITARA के लिए दुनिया का मुख्य उत्पादन केंद्र बनाने का रोडमैप तैयार किया है। e VITARA के निर्यात की शुरुआत सुजुकी की इसी योजना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस खास मौके पर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ, हिसाशी ताकेउचि ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री द्वारा मारुति सुजुकी को 'मेक इन इंडिया' का ब्रांड एम्बेसडर कहना, हमारे लिए सर्वोच्च सम्मान है। यूरोप में e VITARA का निर्यात शुरू होना वाकई में हमारे लिए गर्व का एक ऐतिहासिक पल है। 100 से अधिक देशों में ग्राहकों का विश्वास अर्जित करने के लिए किसी भी उत्पाद का तकनीक, डिजाइन, सुरक्षा और प्रदर्शन के मामले में विश्व स्तरीय होना आवश्यक है। e VITARA को नए EV प्लेटफॉर्म, HEARTECT-e पर विकसित किया गया है, जिसकी डिजाइन अत्याधुनिक तकनीक और मजबूती का उत्कृष्ट संयोजन है। हमें विश्वास है कि यह यूरोप के ग्राहकों को एक आनंददायक ड्राइविंग अनुभव प्रदान करेगी।"
