Maruti Suzuki Charging Network: भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में मारुति सुजुकी ने ब्रांड की पहली इलेक्ट्रिक कार ई विटारा पेश की है। कंपनी ने 22 जनवरी को संपन्न हुए ऑटो एक्सपो 2025 में इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का डेब्यू किया है जिसे मार्च 2025 तक लॉन्च किया जाएगा। इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग ईकोसिस्टम को लेकर मारुति सुजुकी के एमडी और सीईओ हिसाशी ताकेउची ने कहा, पहले पड़ाव में हम देश के 100 शहरों में ग्राहकों को चार्जिंग सपोर्ट देने के लिए नेटवर्क तैयार करेंगे। इसके बाद बाकी शहरों में इसका विस्तार होगा। आइडिया ये है कि ग्राहकों को इन शहरों में हर 5 से 10 किमी पर एक चार्जिंग स्टेशन मुहैया कराया जाए।
आइडिया ये है कि ग्राहकों को हर 5 से 10 किमी पर एक चार्जिंग स्टेशन मुहैया कराया जाए। - Maruti Suzuki
वर्कशॉप भी हो रहे तैयार
इलेक्ट्रिक कारों को खरीदने से ग्राहकों की झिझक खत्म हो, इसके लिए मारुति सुजुकी सर्विस वर्कशॉप का नेटवर्क भी मजबूत कर रही है। कंपनी की मानें तो भारत के 1,000 शहरों में 1,500 से भी ज्यादा वर्कशॉप शुरू होंगे जहां ईवी का काम किया जाएगा। ताकेउची ने बताया कि इन ईवी इनेबल सर्विस वर्कशॉप पर खास ट्रेनिंग वाले कर्मचारी काम करेंगे। चार्जिंग से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ा हर सपोर्ट यहां खास तकनीक से होगा। इन सबकी जानकारी देने के लिए एक डेडिकेटेड मोबाइल ऐप तैयार की जा रही है जो ग्राहकों के सभी सवालों का जवाब देगी।
ई विटारा में लगे 2,100 करोड़
सुजुकी ने ई विटारा इलेक्ट्रिक एसयूवी को तैयार करने में 2,100 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस ईवी को भारत में ही बनाया जाएगा और पूरी दुनिया में यहीं से इसका निर्यात किया जाएगा, यानी भारत ग्लोबल हब होगा। मारुति सुजुकी ने फिलहाल इस इलेक्ट्रिक कार को ऑटो एक्सपो में शोकेस किया है, इसके अलावा लॉन्च और कीमत में बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इवेंट में कंपनी की ओर से बातया गया है कि नई ई विटारा नैक्सा रिटेल चेन से बेची जाएगी।
