लाइव टीवी

CAA पर अपने ही छोड़ रहे BJP का साथ, विरोध में 80 नेताओं का इस्तीफा

Updated Jan 24, 2020 | 16:20 IST

BJP Muslim Leaders: संशोधित नागरिकता कानून (CAA) को धार्मिक आधार पर बनाया गया विभाजनकारी प्रावधान बताते हुए मध्य प्रदेश बीजेपी के करीब 80 मुस्लिम नेताओं ने पार्टी छोड़ने की घोषणा की है।

Loading ...
CAA के खिलाफ जमकर हो रहा विरोध-प्रदर्शन

इंदौर: मध्य प्रदेश में भाजपा के लगभग 80 मुस्लिम नेताओं ने शुक्रवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के विरोध में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और इस कानून को 'विभाजनकारी' बताया। इन नेताओं में से एक राजिक कुरैशी फारशीवाला ने कहा कि लगभग 80 मुस्लिम पार्टी नेताओं ने गुरुवार को नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने कहा कि सीएए को धार्मिक आधार पर एक विभाजनकारी प्रावधान करार देने वाले इन नेताओं में भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी शामिल हैं। सीएए के अस्तित्व में आने के बाद (दिसंबर 2019 में) हमारे समुदाय के कार्यक्रमों में भाग लेना हमारे लिए कठिन होता जा रहा था।

फारशीवाला ने कहा, 'इन कार्यक्रमों में लोग हमें शाप देते थे और हमसे पूछते थे कि सीएए जैसे विभाजनकारी कानून पर हम कब तक चुप रहेंगे?' उन्होंने कहा कि किसी भी समुदाय के उत्पीड़ित शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता मिलनी चाहिए। आप यह तय नहीं कर सकते कि कोई व्यक्ति केवल धर्म के आधार पर घुसपैठिया या आतंकवादी है।

मुस्लिम नेताओं ने कहा, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत नागरिकों को समानता का अधिकार है। लेकिन भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सीएए को धार्मिक आधार पर लागू कर रही है। यह देश को विभाजित करने और संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है।

इस्तीफा देने वाले कुछ नेताओं को भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का करीबी माना जाता है। इस बारे में जब विजयवर्गीय से पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर किसी व्यक्ति को गुमराह किया जा रहा है, तो हम समझाएंगे।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।