नई दिल्ली। महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना का स्पष्ट बहुमत है। लेकिन सरकार बनाने की तस्वीर साफ नहीं है। शिवसेना नतीजों के दिन से ही बीजेपी को 50-50 फॉर्मूले की याद दिला रही है तो बीजेपी ने चुप्पी साध रखी है। रविवार को शिवसेना ने कहा कि फडणवीस और अमित शाह ने जो वादा किया था उसे अब जमीन पर उतारने का समय आ चुका है। इसके साथ ये भी कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो सारे विकल्प खुले हैं। इस तरह के बयान के बाद बीजेपी पर और दबाव बढ़ाने की कोशिश की गई।
सोमवार को शिवसेना और बीजेपी के नेता राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिले। ये बात अलग है कि दोनों दलों के नेताओं की मुलाकात अलग अलग हुई। इन सबके बीच यह भी खबर है कि शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह से जल्द मुलाकात करेंगे। उद्धव ठाकरे ने मतगणना वाले दिन कहा था कि अब समय आ चुका है कि जब बीजेपी को ढ़ाई ढ़ाई साल के वादे पर अमल करने की जरूरत है।
इन सबके बीच महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस भी राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिले। इससे पहले उन्होंने कहा था कि एक बार फिर महाराष्ट्र की जनता ने बीजेपी और शिवसेना गठबंधन में भरोसा जताया है। लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ एक बार फिर जिम्मेदारी है ऐसे में हमारी जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ जाती है। पिछले पांच वर्षों में बीजेपी-शिवसेना की सरकार ने राज्य की बेहतरी के लिए बेहतर कदम उठाए और अब एक बार जो जिम्मेदारी हमें मिली है उसे पूरे उत्साह के साथ जमीन पर उतारना है।