नई दिल्ली: नागरिकता संशोधन बिल पर अलग- अलग जगहों पर बवाल जारी है। कई इलाकों में तोड़ फोड़ और झड़प देखने को मिली है। हिंसक प्रदर्शनों में अलीगढ़ एक प्रमुख नाम है जहां नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। इन्हीं प्रदर्शनों को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए एहतियातन स्कूलों को सोमवार को बंद रखा गया है।
अलीगढ़ के शहरी इलाके में सभी स्कूल 23 दिसंबर को बंद रहेंगे। साथ जिले में अन्य संवेदनशील इलाकों में भी स्कूलों को बंद रखा जा सकता है।
जहां एक तरफ सीएए पर जारी हिंसा की वजह से स्कूलों को बंद रखा जा रहा है वहीं बढ़ती ठंड और शीत लहर भी कई जगह ऐसा करने का एक प्रमुख कारण है। बरेली जिला प्रशासन की ओर से इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं, जिसके अनुसार बरेली में 23 और 24 दिसंबर यानी सोमवार और मंगलवार को शीत लहर की वजह से स्कूल बंद रहेंगे।
मेरठ के जिला मजिस्ट्रेट ने इस बारे में बोलते हुए कहा कि जिले में इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। ठंड के मौसम की वजह से कल सोमवार को सभी स्कूल बंद रहने वाले हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों में राजधानी दिल्ली में भी स्कूल बंद रखने पड़े थे। इसके लिए दिल्ली सरकार की ओर से उस समय आदेश जारी किए गए थे जब जामिया यूनिवर्सिटी के आस पास के इलाके में बवाल की खबरें आई थीं और इसी के चलते स्कूलों को बंद कर दिया गया था।