लाइव टीवी

क्या लौट आए ऑटो सेक्टर के 'अच्छे दिन'? धनतेरस पर हुई जमकर गाड़ियों की बिक्री

Updated Oct 28, 2019 | 13:53 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Maruti Suzuki Cars: नवरात्रि, दशहरा और धनतेरस असली मायने में इस साल कार कंपनियों के लिए दिवाली लेकर आए हैं। इस त्योहारी सीजन वाहनों की बिक्री में जबरदस्त इजाफा हुआ है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspGetty Images
Car Sales: क्या लौट आए कार कंपनियों के अच्छे दिन
मुख्य बातें
  • इस त्योहारी सीजन बेहतर हुई ऑटो सेक्टर की हालत
  • नवरात्रि, दशहरा और धनतेरस के मौके पर कार की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है
  • मारुति सुजुकी ने धनतेरस के दिन 45 हजार कार की डिलीवरी की है

मुंबई: भारत में ऑटो सेक्टर और कार निर्माता के लिए अच्छी खबर है। कार की बिक्री में लंबे वक्त से चली आ रही गिरावट से इस त्योहारी सीजन ऑटो सेक्टर उबरा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नवरात्रि, दशहरा और धनतेरस पर वाहनों की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 5 से 7 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले कई महीनों से वाहनों की बिक्री में तेजी से गिरावट नजर आ रही थी। इस साल अप्रैल से सितंबर के बीच वाहनों की बिक्री में दो अंकों में गिरावट दर्ज की गई है। 

हालांकि दोपहिया इंडस्ट्री को त्योहारी सेल में इस प्रकार का बूस्ट नहीं मिला है, लेकिन पिछले महीनों की तुलना में इनकी बिक्री में इजाफा हुआ है। देश की शीर्ष दो कार निर्माता कंपनियां मारुति सुजुकी और हुंडई की बिक्री में इस त्योहारी सीजन क्रमशः 7 फीसदी और 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। 

धनतेरस पर मारुति ने 45 हजार कार की डिलीवरी की

धनतेरस के दिन पिछले साल के मुकाबले कंपनियों ने दो अंकों की वृद्धि हासिल की है। इन दोनों कंपनियों को भारतीय कार बाजार में 65 से 70 फीसदी की हिस्सेदारी है। वहीं धनतेरस के दिन महिंद्रा की गाड़ियों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल आया है। 

मारुति सुजुकी ने नवरात्रि से दशहरा के बीच 10 दिनों में 60 हजार कार डिलीवर की है। जबकि इसी वक्त में हुंडई मोटर ने 25 हजार कार बेची हैं। धनतेरस के दिन की बात करें तो मारुति सुजुकी ने 45 हजार और हुंडई ने 14 हजार कार की डिलीवरी की है। मारुति सुजुकी के सेल्स और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शशांक श्रीवास्तव ने त्योहारी बिक्री पर कोई सटीक नंबर देने से इनकार किया है। 

नवरात्रि से शुरू हुआ अच्छे दिन का सिलसिला धनतेरस तक जारी रहा

उन्होंने बताया, 'नवरात्रि और दशहरा के मौके पर पिछले साल के मुकाबले बेहतर बिक्री हुई और ये सिलसिला धनतेरस तक जारी रहा है।' श्रीवास्तव ने कहा, 'त्योहारी सीजन में बेहतरी बिक्री जरूर हुई है, लेकिन अगले कुछ महीनों की बिक्री देखने के बाद ही ये कहा जा सकता है कि इंडस्ट्री सुस्ती से उबर चुकी है।'

वहीं हुंडई मोटर इंडिया के नेशनल सेल्स हेड विकास जैन ने इस बात की पुष्टि की है कि कंपनी की बिक्री में त्योहारी सीजन में 10 फीसदी का इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले साल के मुकाबले धनतेरस पर 30 फीसदी ज्यादा बिक्री हुई है। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन में सभी सेगमेंट में बिक्री हुई है और ये बिक्री ग्रामीण और शहरी दोनों ही इलाके में हुई है।