आसिम मुनीर का नया झूठ (AP)
पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने इस साल मई में भारत की सैन्य कार्रवाई को लेकर एक बार फिर झूठे दावों का पुलिंदा खोला है। मुनीर ने बुधवार को दावा किया कि मई में भारत के साथ संघर्ष के दौरान सशस्त्र बलों द्वारा दिखाए गए पेशेवरअ अंदाज ने उनके देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। मुनीर ने रावलपिंडी जीएचक्यू में राष्ट्रीय सुरक्षा कार्यशाला-27 (NSW–27) के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए ये दावा किया। सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक बयान में कहा कि प्रतिभागियों को पाकिस्तान के क्षेत्रीय और आंतरिक सुरक्षा परिदृश्य और मौजूदा राष्ट्रीय सुरक्षा परिवेश पर व्यापक जानकारी दी गई।
इस ब्रीफिंग के बाद मुनीर के साथ एक संवाद सत्र हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक महत्वपूर्ण देश है और उसे दुनिया में एक उचित स्थान जरूर मिलेगा। मुनीर ने शेखी बघारते हुए कहा, मरका-ए-हक के दौरान सशस्त्र बलों द्वारा दिखाए गए पेशेवर अंदाज, दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता ने पाकिस्तान की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। हमारी सबसे बड़ी ताकत राष्ट्रीय एकता में निहित है और हम सब मिलकर अपने दुश्मनों के नापाक इरादों को परास्त करेंगे।
मुनीर ने बढ़ती भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा, खतरों से प्रभावित अस्थिर क्षेत्रीय माहौल पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बाहरी समर्थन वाले उग्रवाद और सूचना-केंद्रित युद्ध जैसी जटिल चुनौतियों के बावजूद, पाकिस्तान के सशस्त्र बल, खुफ़िया एजेंसियां और क़ानून-प्रवर्तन संस्थान राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए अटूट व्यावसायिकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
भारत ने पहलगाम हमले के प्रतिशोध में 7 मई को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इन हमलों के बाद चार दिनों तक भीषण झड़पें हुईं, जो 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति के साथ समाप्त हुईं। भारत के एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह के अनुसार, भारतीय हमलों में अमेरिकी F-16 जेट विमानों सहित कम से कम एक दर्जन पाकिस्तानी सैन्य विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त हो गए।