Brazil Carnival 2026 : ब्राजील में इस समय कार्निवल का रंग लोगों के सिर पर चढ़कर बोल रहा है। खासकर राजधानी रियो डी जेनेरियो की सड़कें और गलियां रंग-बिरंगे परिधानों वाले लोगों और सैलानियों से अटी पड़ी हैं। लोग मस्ती और पार्टियां कर रहे हैं। इस कार्निवल के अलग-अलग रूप और रंग देखने को मिल रहे हैं। ब्राजील के दक्षिणी इलाके में लोग कीचड़ में नहाकर कार्निवल का आनंद उठाते नजर आए हैं। ब्राजील में हर तरफ इस उत्सव में लोग डूबे नजर आए हैं।
कार्निवल उत्सव का लोगों का बेसब्री से इंतजार रहता है। वे इस जश्न में सराबोर होने के लिए काफी पहले से तैयारी करते हैं। इस रंगीन, चमकीले और भड़कीले उत्सव एवं समारोह की गिनती दुनिया के सबसे बड़े मेलों में होती है। इस कार्निवल को देखने और इसका हिस्सा बनने के लिए दुनिया भर से सैलानी हर साल बड़ी संख्या में ब्राजील पहुंचते हैं।
Brazil Carnival
रिपोर्टों की मानें तो करीब 20 लाख लोग कार्निवल में शरीक होते हैं। सड़कों और गलियों को खूबसूरत रंगीन लाइटों से सजाया जाता है। लाइव मंयूजिक, पार्टी, सांबा नृत्य यह सब लोगों को एक अलग दुनिया में ले जाता है जहां किसी तरह का कोई बंधन और सीमा नहीं होती। लोग एक-दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।
Brazil Carnival
हर साल कार्निवल का आयोजन ईसाई त्योहार लेंट की शुरुआत से पहले फरवरी और मार्च के बीच होता है। लेंट के दौरान ईसाई समुदाय के लोग अपनी पसंदीदा चीजों चॉकलेट और मिठाइयां न छूने का संकल्प भी लेते हैं। इसलिए लेंट की शुरुआत होने से पहले लोग कार्निवल को अपने अंतिम त्योहार के रूप मनाते हैं।
Brazil Carnival
ब्राजील के दक्षिणी हिस्से में सैकड़ों लोग पैराटी के 'मड कार्निवल' में हिस्सा लेते हैं, जिसे ब्लोको दा लामा कहते हैं। वे जबाकुआरा बीच पर मोटी, मुलायम मिट्टी में तब तक लोटते हैं जब तक वे पूरी तरह से ढक नहीं जाते, फिर खुद को पत्तियों और टहनियों से सजाते हैं। इसके बाद वे सड़कों पर परेड करते हैं और बीच पर वापस आकर एक बड़ी पार्टी के साथ जश्न मनाते हैं। यह त्योहार पर्यावरण से जुड़ने, मौज-मस्ती करने और रोजमर्रा की जिदगी से ब्रेक लेने का जश्न मनाता है।
Brazil Carnival
पैराटी की वेबसाइट के मुताबिक, इस परंपरा की शुरुआत 1986 में तब शुरू हुई जब टीनएजर्स का एक ग्रुप कार्निवल मनाने का एक खास तरीका ढूंढ रहा था। उन्होंने बीच के पास एक दलदल से खुद को मिट्टी से ढक लिया और थोड़ी मस्ती के लिए शहर के बीच में घूमे। लोगों ने इसे काफी पसंद किया, फिर लोगों ने हर साल ऐसा करने का फैसला किया।तब से, यह परंपरा बढ़ती गई है, और हर साल ब्लोको दा लामा में ज्यादा लोग हिस्सा ले रहे हैं।
Carnival festival
सांबा नृत्य ब्राजील का प्रसिद्ध लोकनृत्य है। इसकी उत्पत्ति अफ्रीकी और ब्राजीलीय संस्कृति के मेल से हुई। यह नृत्य विशेष रूप से ब्राजील के भव्य कार्निवल उत्सव में आकर्षण का केंद्र है। सांबा की तेज लय, ढोल की धुन और नर्तकों की लचकदार चाल दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती है। नर्तक-नर्तकियां आकर्षक पोशाकें पहनकर समूह में प्रस्तुतियां देते हैं। यह नृत्य केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि ब्राजील की सांस्कृतिक पहचान और उत्साह का प्रतीक भी है।
