कोरोना ने दिखाया भयावह रूप, इटली में एक दिन में 793 और फ्रांस में 112 लोगों की मौत 

इटली की सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सभी उपाय कर रही है बावजूद इसके देश में संक्रमण बढ़ता जा रहा है। कोरोना वायरस व्यापक असर को देखते हुए इटली के सभी क्षेत्रों में लॉकडाउन कर दिया गया है।

Coronavirus 793 deaths in a single day in Italy
कोराना वायरस 185 देशों में फैला। 
मुख्य बातें
  • कोरोना वायरस ने अब तक दुनिया के 185 देशों को अपनी चपेट में ले लिया है
  • चीन के बाद इस वायरस का कहर पश्चिमी देशों एवं भारत में दिखने लगा है
  • हजारों की संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है, बड़ी संख्या में लोग संक्रमित

रोम/पेरिस : कोरोना वायरस की पकड़ चीन पर कमजोर पड़ती जा रही है लेकिन इसने दुनिया के बाकी हिस्सों को अपने पंजे में जकड़ लिया है। भारत, अमेरिका सहित पश्चिमी देश बुरी तरह इस वायरस की चपेट में आ गए हैं। इटली और फ्रांस में कोरोना वायरस का भयावह रूप देखने को मिल रहा है। इटली में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 793 लोगों की मौत हो गई जबकि फ्रांस में 24 घंटे में कोरोना वायरस से 112 और लोगों की जान गई है। 

चीन से ज्यादा इटली में गई लोगों की जान
इटली में वायरस की स्थिति गंभीर हो गई है। अब तक यहां मृतकों की संख्या 4825 हो गई है। यह आंकड़ा चीन से कहीं ज्यादा है। मिलान के पास उत्तर लोमबार्डी में मृतकों की संख्या तीन हजार से अधिक हो गई है। यह इटली में मरने वालों की कुल संख्या का करीब दो तिहाई है। इटली में शुक्रवार से 1420 लोगों की मौत हो चुकी है। इटली की सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सभी उपाय कर रही है बावजूद इसके देश में संक्रमण बढ़ता जा रहा है। कोरोना वायरस व्यापक असर को देखते हुए इटली के सभी क्षेत्रों में लॉकडाउन कर दिया गया है। लोगों का क्वरेंटाइन में इलाज किया जा रहा है।

इटली के शहर लॉकडाउन
वायरस के संक्रमण को देखते हुए देश के सभी पार्कों एवं खेल के मैदानों को बंद कर दिया गया है। नागरिकों को सप्ताहांत में यात्रा की मनाही की गई। उत्तरी शहर इमीलिया रोमागना में अधिकारियों ने जॉगिंग, साइक्लिंग और टहलने पर रोक लगा दिया है। 

फ्रांस में महामारी का रूप लिया
यूरोप के एक और देश फ्रांस की हालत भी बिगड़ती जा रही है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमित 112 लोगों की मौत हो गई है। यह फ्रांस में एक दिन में इस वायरस से होने वाली मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके साथ ही फ्रांस में मौत का आंकड़ा 562 पहुंच गया है। फ्रांस में करीब 6000 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। फ्रांस में इस वायरस ने महामारी का रूप ले लिया है। वायरस के खतरे को देखते हुए फ्रांस के कई शहर लॉकडाउन से गुजर रहे हैं। शहरों में लोगों ने खुद को कैद कर लिया  है।

दुनिया के 185 देश चपेट में
दुनिया भर में कोरोना वायरस के अब तक 267013 मामले सामने आ चुके हैं और विश्व भर में 11201 लोगों की मौत हो चुकी है। इस वायरस ने 185 देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। अकेले चीन में 81416 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए। इटली में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 47021 और स्पेन में 19980 पहुंच गया है।

अगली खबर