18 से 55 वर्ष की इन महिलाओं को सरकार देगी 5000 रुपए, बड़े काम की है ये सरकारी स्कीम
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 20, 2026, 04:58 PM IST
Pradhan Mantri Matru Vandana Yojana: भारत में अधिकांश महिलाएं में कुपोषण और एनीमिया का शिकार बनती हैं। पोषण संबंधी कमी के कारण ही अक्सर कुपोषित मां कम वजन वाले बच्चे को जन्म देती है। यह स्थिति गर्भ से ही शुरू हो जाती है। इन गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र की ओर से महिलाओं के लिए एक खास योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) चलाई जाती है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (Photo: iStock)
Pradhan Mantri Matru Vandana Yojana: भारत सरकार की ओर से देश के नागरिकों के लिए कई योजनाएं चलाई जाती हैं। कई बार ये योजनाएं किसी विशेष वर्ग से जुड़ी होती हैं। इन्हीं योजनाओं में से एक प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (Pradhan Mantri Matru Vandana Yojana) है। इस योजना के तहत सरकार की ओर से गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को 5000 रुपए दिए जाते हैं। यह राशि महिलाओं को तीन किस्तों में दी जाती है, जिसके लिए कुछ निर्धारित शर्तों को पूरा करना जरूरी है। यह मातृत्व लाभ से जुड़ा एक कार्यक्रम है और योजना महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा कार्यान्वित की जाती है।
योजना का उद्देश्य
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (Pradhan Mantri Matru Vandana Yojana) का उद्देश्य बच्चे के जन्म से पहले और बाद में मां को पर्याप्त आराम देना है। इसके लिए इन महिलाओं को नकद प्रोत्साहन दिया जाता है ताकि मजदूरी के नुकसान की आंशिक भरपाई की जा सके। योजना का उद्देश्य नकद सहायता से गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को अपनाने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना भी है।
कौन-सी माताएं ले सकती हैं लाभ
इस योजना का लाभ 18 वर्ष 7 महीने से लेकर 55 वर्ष की गर्भवती महिलाएं ले सकती हैं। ऐसी महिला जिसकी दूसरी संतान बेटी है वह PMMVY 2.0 के तहत 6000 रुपए की नकद राशि का लाभ पा सकती है। इसके अलावा, इस योजना के लिए केंद्र या राज्य सरकार, पीएसयू में नियमित नौकरी करने वाली महिलाएं या पहले से समान लाभ पाने वाली महिलाएं पात्र नहीं होंगी।
कब और कैसे मिलेगी किस्त
योजना के तहत 1000 रुपए की पहली किस्त गर्भावस्था का पंजीकरण होने पर दी जाती है। 2000 रुपए की दूसरी किस्त गर्भावस्था के 6 महीने पूरे होने के बाद कम से कम एक एंटीनैटल चेक-अप के बाद दी जाती है। इसी तरह, 2000 रुपए की तीसरी किस्त प्राप्त करने के लिए बच्चे के जन्म का रजिस्ट्रेशन (Birth Registration) अनिवार्य है।
कैसे ले सकते हैं योजना का लाभ
गर्भावस्था के तीन महीने के भीतर योजना के लिए अप्लाई किया जा सकता है। इस योजना के रजिस्ट्रेशन के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट का लिंक https://pmmvy.wcd.gov.in/ पर विजिट कर सकते हैं। पात्र महिलाएं उमंग ऐप से भी रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।