यूटिलिटी

घर के बुजुर्ग बेझिझक कर सकते हैं ऑनलाइन लेनदेन, खुद के बैंक अकाउंट की भी नहीं जरूरत

UPI Circle: क्या आपके घर के बुजुर्ग भी ऑनलाइन लेनदेन को लेकर असहज महसूस करते हैं? अगर इस सवाल का जवाब हां तो आपके लिए एक बेहद काम के फीचर की जानकारी लेकर आएं हैं। आप UPI Circle का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए दूसरे यूजर को खुद के बैंक अकाउंट की जरूरत नहीं होती।

UPI Circle

क्या है यूपीआई सर्कल (Photo : iStock)

UPI Circle: आज के डिजिटल समय में यूपीआई ने फोन के जरिए पैसों के लेन-देन को काफी हद तक आसान बना दिया है। एक सिंगल टैप पर फोन से पेमेंट करना आसान तो है लेकिन अभी भी घर के बुजुर्गों की बात आती है तो उन्हें ऑनलाइन लेन-देन करना काफी असहज महसूस करवाता है। अगर आपके घर के बुजुर्गों को भी घर से बाहर निकलने के बाद इस तरह की परेशानी आती है तो अब आपको इसके लिए फिक्र करने की जरूरत नहीं होगी। आप यूपीआई सर्कल (UPI Circle) का इस्तेमाल कर सकते हैं।

क्या है यूपीआई सर्कल

UPI Circle एक ऐसा फीचर है, जिसमें कोई मुख्य UPI यूजर (Primary User) अपने भरोसेमंद व्यक्ति को अपने UPI अकाउंट से जोड़ सकता है। यह दूसरा व्यक्ति Secondary User कहलाता है। सेकेंडरी यूजर बिना खुद का बैंक अकाउंट लिंक किए भी UPI पेमेंट कर सकता है। आसान शब्दों में कहें तो एक व्यक्ति अपने UPI अकाउंट का सीमित उपयोग किसी और व्यक्ति को करने की अनुमति दे सकता है। यह फीचर खास कर घर के दूसरे सदस्यों जैसे घर के बुजुर्ग और कॉलेज जाने वाले घर के बच्चों के लिए काफी काम का साबित हो सकता है।

लेनदेन की कितनी है सीमा

इस फीचर के साथ हर डिवाइस पर प्रति लेनदेन अधिकतम 5,000 रुपए तक का भुगतान किया जा सकता है। इसके अलावा एक डिवाइस से महीने में कुल 15,000 तक की लेनदेन सीमा तय की गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नया डिवाइस लिंक करने के पहले 24 घंटे में केवल 2,000 रुपए तक के ट्रांजैक्शन की अनुमति होती है। वहीं, एक प्राइमरी यूजर अपने अकाउंट से अधिकतम 5 सेकेंडरी डिवाइस या सॉफ्टवेयर (जैसे IoT डिवाइस) को लिंक कर सकता है।

फीचर कैसे करें इस्तेमाल

UPI Circle के लिए अपना यूपीआई पेमेंट ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं। गूगल पे पर आपको UPI Circle का ऑप्शन आसानी से मिल जाता है। Set up pocket Money के ऑप्शन पर टैप कर घर के दूसरे सदस्य को जोड़ सकते हैं और साथ ही लेनदेन की लिमिट भी सेट कर सकते हैं।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article