यूटिलिटी

अब इकोनॉमी क्लास में भी सोने का सपना होगा पूरा, इस एयरलाइन कंपनी ने कर ली तैयारी

Air New Zealand का Skynest कॉन्सेप्ट लंबी फ्लाइट्स को ज्यादा आरामदायक बना सकता है, हालांकि इसके नियम सख्त हैं, लेकिन जो यात्री घंटों की यात्रा में आराम चाहते हैं, उनके लिए यह एक बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है।

Image

अब इकोनॉमी क्लास में भी सोने का सपना होगा पूरा, इस एयरलाइन कंपनी ने कर ली तैयार/Photo-AP

Photo : AP

लंबी दूरी की फ्लाइट में इकोनॉमी क्लास में आराम से सोना अब तक यात्रियों के लिए सपना ही रहा है, लेकिन अब Air New Zealand इस सपने को हकीकत में बदलने जा रही है। एयरलाइन जल्द ही अपने यात्रियों के लिए ‘Skynest’ नाम के स्लीप पॉड्स लॉन्च करेगी, जिसमें इकोनॉमी क्लास के यात्री भी लेटकर आराम कर सकेंगे।

क्या है Skynest स्लीप पॉड

Skynest दरअसल तीन-स्तरीय (ट्रिपल बंक) बेड सिस्टम है, जो खासतौर पर लंबी दूरी की फ्लाइट्स के लिए डिजाइन किया गया है। यह सुविधा Boeing 787-9 Dreamliner में दी जाएगी और नवंबर से इसकी बुकिंग शुरू होगी। खास बात यह है कि ये दुनिया के पहले “lie-flat beds” होंगे, जो इकोनॉमी क्लास के यात्रियों को मिलेंगे।

16-18 घंटे की फ्लाइट में मिलेगा आराम

यह सुविधा ऑकलैंड से न्यूयॉर्क जैसे लंबे रूट पर उपलब्ध होगी, जहां फ्लाइट 16 से 18 घंटे तक की होती है। अब तक यात्रियों को इतनी लंबी यात्रा में सीट पर बैठकर ही समय बिताना पड़ता था, लेकिन Skynest के जरिए वे 4 घंटे तक आराम से सो सकेंगे।

कितना होगा खर्च

Skynest का इस्तेमाल करने के लिए यात्रियों को अपने टिकट के अलावा अलग से भुगतान करना होगा। इसकी शुरुआती कीमत लगभग 495 न्यूजीलैंड डॉलर (करीब 24-25 हजार रुपये) रखी गई है। हर यात्री को पहले से 4 घंटे का स्लॉट बुक करना होगा।

सख्त नियमों के साथ मिलेगी सुविधा

हालांकि यह सुविधा जितनी खास है, उतने ही सख्त इसके नियम भी हैं। एयरलाइन ने कुछ स्पष्ट गाइडलाइंस जारी की हैं:

  • स्लीप पॉड के अंदर खाना खाने की अनुमति नहीं होगी
  • तेज परफ्यूम या किसी भी तरह की गंध वाली चीजों पर रोक होगी
  • एक बेड पर एक ही व्यक्ति सो सकता है, साथ सोना (cuddling) मना है
  • बच्चों और अतिरिक्त लोगों को पॉड में जाने की अनुमति नहीं है

साफ-सफाई और सुरक्षा का खास ध्यान

एयरलाइन के मुताबिक हर 4 घंटे के इस्तेमाल के बाद बेडशीट, तकिए और कंबल पूरी तरह बदले जाएंगे। यात्रियों को पॉड में जाने से पहले खास मोजे पहनने होंगे और सोते समय भी सीट बेल्ट लगानी होगी। समय पूरा होने पर लाइट बदलकर या फ्लाइट अटेंडेंट के जरिए यात्रियों को जगाया जाएगा। हर बेड की लंबाई करीब 203 सेंटीमीटर (80 इंच) है, लेकिन इसमें बैठने की जगह नहीं है। यात्रियों को अंदर जाने के लिए झुककर या चढ़कर जाना होगा, हालांकि यह थोड़ा असहज लग सकता है, लेकिन लंबी फ्लाइट में यह सुविधा बड़ा आराम दे सकती है।

इकोनॉमी क्लास में नया ट्रेंड

अब तक केवल बिजनेस और फर्स्ट क्लास में ही बेड जैसी सुविधाएं मिलती थीं, लेकिन Air New Zealand का यह कदम इकोनॉमी क्लास के अनुभव को भी बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article