IRCTC अकाउंट से आधार को ऐसे करें लिक, नहीं तो बुक नहीं कर पाएंगे टिकट
- Authored by: Pradeep Pandey
- Updated Jan 13, 2026, 12:35 PM IST
How to Link Aadhaar with Your IRCTC Account: IRCTC अकाउंट को आधार से जोड़ने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे फर्जी बुकिंग और एजेंट्स द्वारा किए जाने वाले दुरुपयोग पर रोक लगती है। आधार से सत्यापित अकाउंट यह साबित करता है कि बुकिंग कोई असली व्यक्ति कर रहा है, न कि कोई बल्क या फर्जी अकाउंट।
How To Link Aadhaar with Your IRCTC Account
How to Link Aadhaar with Your IRCTC Account: भारत में ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करने के लिए IRCTC अकाउंट का इस्तेमाल लगभग हर यात्री करता है। इसके बावजूद कई लोग आज भी अपने IRCTC प्रोफाइल को आधार से लिंक नहीं करते। इसे अक्सर एक अतिरिक्त औपचारिकता समझ लिया जाता है, जबकि असल में यह प्रक्रिया अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने और टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली दिक्कतों से बचाने के लिए बनाई गई है। अगर आपने कभी बुकिंग लिमिट, बार-बार वेरिफिकेशन या अचानक एरर जैसी समस्याएं देखी हैं, तो आधार लिंक न होना इसकी एक वजह हो सकती है। आइए जानते हैं कि आईआरसीटीसी अकाउंट से आधार को कैसे लिंक करें...
आधार लिंक करने के फायदे
IRCTC अकाउंट को आधार से जोड़ने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे फर्जी बुकिंग और एजेंट्स द्वारा किए जाने वाले दुरुपयोग पर रोक लगती है। आधार से सत्यापित अकाउंट यह साबित करता है कि बुकिंग कोई असली व्यक्ति कर रहा है, न कि कोई बल्क या फर्जी अकाउंट। इसके अलावा, तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट बुकिंग जैसी कुछ खास सुविधाएं केवल आधार-वेरिफाइड यूजर्स के लिए ही उपलब्ध होती हैं। इससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट पाने का बेहतर मौका मिलता है।
IRCTC अकाउंट को आधार से कैसे लिंक करें
आधार लिंक करने की प्रक्रिया काफी आसान है और कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है। सबसे पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और अपने यूज़र आईडी व पासवर्ड से लॉग इन करें। लॉग इन करने के बाद My Account सेक्शन पर क्लिक करें, जहां अकाउंट से जुड़े सभी विकल्प दिखाई देंगे। अब यहां से Authenticate User या Link Your Aadhaar विकल्प चुनें। अगले पेज पर अपना आधार नंबर या वर्चुअल आईडी दर्ज करें और ध्यान से यह जांच लें कि नाम, जन्मतिथि और जेंडर आधार रिकॉर्ड से मेल खाते हों।
इसके बाद Verify Details and Receive OTP पर क्लिक करें। आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे दिए गए बॉक्स में भरकर सबमिट करें। अंत में सहमति (Consent) से जुड़े विकल्प को स्वीकार करें और फॉर्म सबमिट कर दें। प्रक्रिया पूरी होने पर आपका अकाउंट आधार से सत्यापित हो जाएगा।
कैसे जांचें कि आपका IRCTC अकाउंट वेरिफाइड है या नहीं
आधार लिंक होने के बाद आप आसानी से इसकी पुष्टि कर सकते हैं। लॉग इन करने के बाद अगर आपके यूज़रनेम के पास ग्रीन टिक दिखाई देता है, तो इसका मतलब है कि आपका अकाउंट आधार से ऑथेंटिकेट हो चुका है। इसके अलावा, My Account में जाकर Authenticate User विकल्प पर क्लिक करने से भी आपको आधार लिंकिंग का स्टेटस दिख जाएगा।
कुछ जरूरी बातों का रखें ध्यान
आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर एक्टिव होना चाहिए, क्योंकि OTP उसी पर आता है। IRCTC प्रोफाइल में भरा गया नाम, जन्मतिथि और जेंडर आधार से मेल न होने पर वेरिफिकेशन फेल हो सकता है। आधार लिंक होने के बाद आप सीमित समय वाली बुकिंग विंडो, जैसे सुबह की तत्काल बुकिंग, का भी फायदा उठा सकते हैं।