PF अकाउंट एक्टिवेट करना हुआ इतना आसान, UAN जेनरेट कर एक बस एक सेल्फी से बनेगा काम
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 22, 2026, 12:04 PM IST
EPFO Face Authentication: ईपीएफओ (Employees Provident Fund Organisation) की ओर से अब UAN अलोटमेंट/जनरेशन और एक्टिवेशन के लिए UMANG ऐप में आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का इस्तेमाल करते हुए एक सरल और मजबूत प्रक्रिया शुरू की गई है। यानी यूएएन जेनरेट करने के लिए अब नियोक्ता यानी कंपनी की जरूरत नहीं होगी।
EPFO Face Authentication (Photo : iStock)
EPFO Face Authentication: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (Employees Provident Fund Organisation) ने अब अपने मेंबर्स के लिए पीएफ अकाउंट को लेकर UAN से (Universal Account Number) से जुड़े कामों को बेहद आसान बना दिया है। UAN अलोटमेंट से लेकर इसे एक्टिवेट करना अब चुटकियों का काम बन गया है। अगर आपके पास UAN नहीं है तो आप इसे अपने स्मार्टफोन से ही जेनरेट और एक्टिवेट कर सकते हैं।
उमंग ऐप से आसान हुआ काम
दरअसल, बीते साल ही ईपीएफओ की ओर से UAN अलोटमेंट/जनरेशन और एक्टिवेशन के लिए UMANG ऐप में आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का इस्तेमाल करते हुए एक सरल और मजबूत प्रक्रिया शुरू की गई है।
UMANG ऐप में फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का इस्तेमाल करते हुए कर्मचारियों/मेंबर्स के लिए तीन सुविधाएं पेश की गई हैं-
- डायरेक्ट UAN अलोटमेंट और एक्टिवेशन – नए कर्मचारियों के लिए सीधे UAN जारी करना और उसे एक्टिवेट करना
- मौजूदा UAN के लिए एक्टिवेशन – पहले से मौजूद UAN को एक्टिवेट करने की सुविधा।
- एक्टिवेटेड UAN के लिए फेस ऑथेंटिकेशन सर्विस – पहले से एक्टिव UAN के लिए फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए सुरक्षा और वेरिफिकेशन
खत्म हुई नियोक्ता की जरूरत
इस सुविधा के लिए फोन में UMANG ऐप और Aadhaar Face RD ऐप को Playstore से डाउनलोड करने भर की जरूरत होगी। इन सभी सुविधाओं का इस्तेमाल मेंबर खुद अपने स्मार्टफोन से कर सकते हैं। इसके लिए EPFO या एम्प्लोयर की जरूरत नहीं है। इस सुविधा से पहले UAN जेनरेट करने का काम कंपनी की ओर से किया जाता था और मेंबर को UAN एक्टिवेट करने को कहा जाता था।
ऐसे जेनरेट करें UAN
- सबसे पहले UMANG ऐप खोलें और UAN Allotment and Activation ऑप्शन पर आएं।
- अब आधार नंबर, मोबाइल नंबर और आधार वेरिफिकेशन के लिए चेकबॉक्स को टिक करें।
- अब Send OTP पर टैप करें और अपने मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें।
- आधार पहले से किसी UAN से लिंक नहीं होगा तो फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया शुरू होगी।
- फेस ऑथेंटिकेशन के लिए सहमति (consent) बॉक्स को टिक करें।
- इसके बाद Face Authentication पर टैप करें।फेस स्कैन किया जाएगा।
- सिस्टम आपकी डिटेल्स लेगा और नया UAN जनरेट करेगा।
- इसके बाद UAN आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए भेज दिया जाएगा।
पहले से UAN है तो क्या होगा
इस प्रॉसेस के दौरान अगर सिस्टम की जांच में पाया जाता है कि आपका UAN पहले से मौजूद है तो आपको एक नोटिफिकेशन के जरिए इसकी जानकारी दे दी जाएगी।