Free इलाज वाले अस्पतालों की लिस्ट खुलेगी चुटकियों में! आयुष्मान कार्ड धारक ऐसे चेक करें अपने शहर के हॉस्पिटल
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Feb 3, 2026, 04:43 PM IST
आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना है। इस योजना का उद्देश्य देश के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षा कवच प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को लिस्टेड अस्पतालों में गंभीर बीमारियों के लिए प्रति परिवार सालाना 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलता है।
फ्री-इलाज वाले अस्पतालों की लिस्ट कैसे करें चेक (Photo: iStock)
केंद्र सरकार की ओर से देश के नागरिकों के लिए कई योजनाएं चलाई जाती हैं। इन्हीं योजनाओं में एक भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) है। इस योजना को यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज (UHC) के विजन को पाने के उद्देश्य के तहत लाया गया है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को उनके घर के पास वाले अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाती है। दुनिया की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण सरकारी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम AB PM-JAY को पीएम मोदी ने 23 सितंबर 2018 में लॉन्च किया था। आइए इस योजना के लाभों के बारे में जानते हैं। साथ ही, आपको इस आर्टिकल में आपके घर के पास मुफ्त इलाज वाले अस्पतालों की लिस्ट खोजने की प्रक्रिया भी बताएंगे-
क्या है AB PM-JAY
आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाती है। इस योजना में अस्पताल में भर्ती होने से पहले की जांच, डॉक्टर की सलाह और इलाज, दवाइयां व मेडिकल सामग्री, सामान्य और आईसीयू सर्विस, जांच व लैब टेस्ट, जरूरत पड़ने पर इम्प्लांट, अस्पताल में रहने और भोजन का खर्च, इलाज के दौरान होने वाली जटिलताएं और डिस्चार्ज के बाद 15 दिनों तक की फॉलो-अप देखभाल की सुविधा दी जाती है। अच्छी बात ये है कि यह 5 लाख रुपए तक का लाभ पूरे परिवार के लिए एक साथ (फैमिली फ्लोटर) होता है, यानी इसे परिवार का कोई एक या सभी सदस्य इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, योजना में परिवार के सदस्यों की संख्या या उम्र की कोई सीमा नहीं है। सबसे बड़ी बात तो यह कि योजना के तहत पहले से मौजूद बीमारियां भी पहले दिन से कवर होती हैं। यानी योजना में शामिल होते ही मरीज किसी भी पुरानी बीमारी का इलाज मुफ्त में करवा सकता है।
Free इलाज वाले अस्पतालों की लिस्ट
- अस्पतालों की लिस्ट के लिए सबसे पहले https://hem.nha.gov.in/search लिंक पर क्लिक करना होगा।
- इस पेज पर आपको सरकारी, प्राइवेट, NABH Accredited और दूसरे अस्पतालों की जानकारी नजर आएगी।
- पेज पर ही आपको ऊपर की ओर Search का ऑप्शन नजर आएगा।
- यहां से आप Pin Code, District, Facility Name या Advanced Search को चुन सकते हैं।
- पिन कोड, डिस्ट्रिक्ट का इस्तेमाल कर आप अपने पास के हॉस्पिटल की लिस्ट देख पाएंगे।
- अगर आप किसी खास बीमारी के लिए हॉस्पिटल की लिस्ट खोज रहे हैं तो आप Advanced Search का इस्तेमाल कर सकते हैं।