यूटिलिटी

अमृत उद्यान के फूलों की दुनिया में खो जाने का मौका! घर बैठे ऐसे बुक करें अपनी Free टिकट

Amrit Udyan: दिल्ली में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान विजिट कर सकते हैं। इस उद्यान में आप मार्ग बाल वाटिका, पल्मेरिया गार्डन, बरगद गार्डन,बोन्साई गार्डन और कलकल बहती धारा के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं।

AMRIT UDYAN

अमृत उद्यान (Photo : rashtrapatibhavan official website)

Amrit Udyan: अगर आप भी दिल्ली में इंडिया गेट, लाल किला, कुतुब मिनार जैसी जगहें घूम चुके हैं और कुछ खास जगहों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की साबित होगी। नए महीने की शुरुआत के साथ ही भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अमृत उद्यान शीतकालीन वार्षिक संस्‍करण 2026 का उद्घाटन कर चुकी हैं। अच्छी बात ये है कि अब राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 3 फरवरी से 31 मार्च, 2026 तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। दो महीने खुले रहने वाले इस उद्यान में परिवार के सदस्यों के साथ घूम सकते हैं।

किस दिन बंद रहेगा उद्यान

लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकते हैं। हालांकि, इस उद्यान में एंट्री का आखिरी समय शाम 5 बजे तक ही रहेगा। इसके बाद एंट्री नहीं होगी। इसके अलावा, यह उद्यान सोमवार को बंद रहेगा।

विशेष श्रेणियों के लिए खुला रहेगा उद्यान

राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में विशिष्ट वर्गों के लिए विशेष दिन आरक्षित किए गए हैं। इसके तहत 3 मार्च का दिन रक्षा कर्मियों के भ्रमण के लिए निश्चित किया गया है। 5 मार्च को वरिष्ठ नागरिकों के लिए उद्यान के द्वार खुलेंगे। इसके बाद, 10 मार्च की तिथि महिलाओं और आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों के आगमन के लिए तय की गई है, जबकि 13 मार्च का दिन दिव्यांगजनों के भ्रमण के लिए समर्पित रहेगा।

उद्यान में एंट्री और बुकिंग

उद्यान में एंट्री और बुकिंग फ्री है। ऑनलाइन बुकिंग https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/ पर की जा सकती है। विजिटर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष मौके पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। विजिटर केवल ऑनलाइन माध्यम से ही टिकट बुक कर सकते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि आप अपना स्लॉट पहले से ही ऑनलाइन बुक कर लें। इसके अलावा, किसी विशेष दिन के लिए बुकिंग पिछले दिन सुबह 10:00 बजे बंद हो जाएगी।

कैसे पहुंचे उद्यान

सभी विजिटर्स के लिए प्रवेश और निकास राष्ट्रपति भवन परिसर के गेट नंबर 35 से होगा, जो नॉर्थ एवेन्यू और राष्ट्रपति भवन के चौराहे के पास स्थित है। इसके अलावा, केन्‍द्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच हर 30 मिनट पर उपलब्ध रहेगी। केन्‍द्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अंतिम शटल बस सेवा शाम 4:00 बजे होगी।

उद्यान में क्या ले जा सकते हैं

विजिटर्स अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक की, पर्स/हैंडबैग, पानी की बोतलें और छोटे बच्चों के लिए दूध की बोतल ले जा सकते हैं। इसके अलावा, उद्यान में सार्वजनिक मार्ग पर अलग-अलग जगहों पर पीने का पानी, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा/चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article