नई दिल्ली : देशभर में दुर्गा पूजा की धूम जोरों पर है। नवरात्र शुरू होते ही पश्चिम बंगाल से लेकर महाराष्ट्र तक दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से हो रही है। उत्तर प्रदेश के रामपुर से दुर्गा पूजा से ही जुड़ी एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। रामपुर के मिलक एरिया में दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में आयोजित किए गए रामलीला पंडाल में बार लड़कियों की परफॉर्मेंस रखी गई थी।
रामलीला आयोजन के दौरान मंच पर कई सारी बार लड़कियों को गाना गाते हुए और डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई है जो तेजी से वायरल हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि आयोजनकर्ताओं ने मंच पर रामलीला खत्म होने के बाद बार डांसर से डांस परफॉर्मेंस आयोजित करवाई गई।
वीडियो में देखा जा सकता है कि देर रात के समय पंडाल में अश्लील डांस परफॉर्मेंस आयोजित की गई है। सुबह के समय में भी बार डांसरों को डांस करते हुए देखा जा सकता है। ये सभी कार्यक्रम रामलीला के आयोजन के बाद किए गए थे।
एडीएम रामपुर जगदंबा प्रसाद गुप्ता ने कहा कि दुर्गा पूजा के पंडाल में रामलीला के अलावा अन्य किसी प्रकार की गतिविधि के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है, लेकिन अगर कोई ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।