छतरपुर: शख्स को पेट में दर्द की समस्या थी। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर तब हैरान रह गए जब शख्स के पेट से लोहे का सामान निकला। पेट से 30 सोने के सामान निकले जिसमें रेजर, चाकू, प्लास्टिक और स्क्रूड्राइवर जैसी चीजें शामिल हैं। 30 वर्षीय मरीज की पहचान योगेश ठाकुर के तौर पर हुई है जिसे 14 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मां कुसमा ठाकुर ने डॉक्टरों को बताया कि वह किसी भी चीज को खा लेता है। डॉक्टरों ने तुरंत एक्सरे किया और नतीजे चौंकाने वाले थे।
एमपीएन खरे सर्जिकल एंड मैटरनिटी नर्सिंग होम में योगेश का बॉडी स्कैन किया गया। योगेश के पेट के अंदर चाकू, एक पेचकश, रेजर ब्लेड और प्लास्टिक जैसी चीजों को देखकर डॉक्टर दंग रह गए। रिपोर्ट्स के अनुसार डॉक्टरों को योगेश के पेट से सभी चीजें निकालने में दो दिन का समय लगा।
मरीज की मां कुसमा ठाकुर ने कहा, 'वह कुछ भी उठाकर खा लेता था हालांकि हमें भी नहीं पता था कि वह इतनी खतरनाक चीजें खा रहा है।' पेट से सफलतापूर्वक चीजें निकालने वाले डॉक्टर एम्पियन खरे ने कहा कि योगेश एल्टर्ड मेंटल स्टेटस की समस्या से जूझ रहा था। शरीर में अलग अलग तरह की परेशानियों से मानसिक समस्याएं भी पैदा होती हैं। डॉक्टर एमपीएन खरे ने इस बारे में बोलते हुए कहा, 'यह काफी चुनौतीपूर्ण सर्जरी थी। मरीज हाइपरटेंशन और हाई बल्ड प्रेशर की परेशानी से जूझ रहा था। हमने मरीज के पेट से करीब 33 चीजें बरामद की हैं।'