नई दिल्ली: अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान वो एक बच्ची से हाथ मिलाना भूल गए थे और ये सब वीडियो में कैद हो गया। हाथ ना मिलाने से बच्ची निराश हो गई। इसके बाद वो क्राउन प्रिंस उस बच्ची से मिलने पहुंचे और उससे आधे घंटे तक बात की। क्राउन प्रिंस की इस दरियादिली की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है।
छोटी बच्ची आयशा अल मजरोई सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के अबू धाबी में राष्ट्रपति के महल में स्वागत करने के लिए चुनी गई स्कूली बच्चों में से एक थीं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आयशा क्राउन प्रिंस से हाथ मिलाने के लिए कारपेट के दूसरी तरफ भागती है। क्लिप में उसे प्रिंस की ओर हाथ बढ़ाते हुए देखा जा सकता है। हालांकि वो वहां से गुजर जाते हैं, जिससे वह निराश हो जाती है।
वीडियो को ट्विटर पर अब्दुल्ला बिन जायद, विदेश मामलों के मंत्री और अंतरराष्ट्रीय सहयोग, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) द्वारा साझा किया गया।
इसे अपनी गलती मानते हुए क्राउन प्रिंस अबू धाबी में उस बच्ची के घर जाकर उसे सरप्राइज देते हैं। वहां आयशा और और उसका परिवार उनका स्वागत करता है। वीडियो में देखा जा सकती है कि वो बच्ची का हाथ पकड़ते हैं और चूमते हैं। वो प्यार से बच्ची के माथे पर भी चूमते हैं। छोटी लड़की इससे काफी खुश दिखी।
उन्होंने जाने से पहले बच्ची के साथ तस्वीरें भी लीं और उन्हें ट्विटर पर पोस्ट भी किया। वे लिखते हैं, 'आज मैंने बच्ची आयशा मोहम्मद मुशायत अल मजरोई के घर का दौरा किया और मैं उससे और उसके परिवार से मिलकर खुश था।'