Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Explainer: DoT का SIM-बाइंडिंग फैसला क्या है, क्यों लिया गया और आम यूजर्स पर इसका क्या असर पड़ेगा?

Whats Is Sim Binding: SIM-बाइंडिंग एक सुरक्षा प्रक्रिया है, जिसमें किसी ऐप या डिजिटल अकाउंट को सीधे एक खास सिम कार्ड से जोड़ दिया जाता है। जब तक वही सिम फोन में मौजूद और सक्रिय नहीं रहता, तब तक ऐप का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

Image
Whats Is Sim Binding
Authored by: Pradeep Pandey
Updated Feb 8, 2026, 10:52 IST

डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने WhatsApp, Telegram जैसे मैसेजिंग और कॉलिंग ऐप्स को निर्देश दिया है कि वे अपने प्लेटफॉर्म को यूजर के मोबाइल में मौजूद सिम कार्ड से लगातार लिंक (SIM-binding) रखें। इसका मतलब यह है कि ऐप तभी काम करेगा, जब उसी फोन में वह सिम मौजूद होगा, जिससे अकाउंट जुड़ा है।

वेब वर्जन के लिए 6 घंटे की लिमिट

सरकार ने खासतौर पर WhatsApp Web जैसे वेब वर्जन को लेकर भी सख्त नियम तय किए हैं। निर्देश के मुताबिक, वेब वर्जन पर लॉग-इन किए गए यूजर्स को हर 6 घंटे में ऑटो लॉग-आउट किया जाएगा। इसके बाद दोबारा लॉग-इन के लिए QR कोड स्कैन करना होगा। मैसेजिंग कंपनियों को यह बदलाव लागू करने के लिए 90 दिनों का समय दिया गया है।

क्या है SIM-बाइंडिंग और कैसे करता है काम

SIM-बाइंडिंग एक सुरक्षा प्रक्रिया है, जिसमें किसी ऐप या डिजिटल अकाउंट को सीधे एक खास सिम कार्ड से जोड़ दिया जाता है। जब तक वही सिम फोन में मौजूद और सक्रिय नहीं रहता, तब तक ऐप का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इससे यह सुनिश्चित होता है कि अकाउंट किसी दूसरे फोन या डिवाइस से एक्सेस न हो पाए, भले ही लॉग-इन डिटेल्स किसी के पास क्यों न हों।

सरकार ने यह फैसला क्यों लिया?

सरकार का कहना है कि कई मैसेजिंग और कॉलिंग ऐप्स ऐसे हैं, जिनमें सिम हटने या बंद होने के बाद भी अकाउंट चलता रहता है। इसका फायदा उठाकर साइबर अपराधी गुमनाम ठगी, फर्जी ‘डिजिटल अरेस्ट’, सरकारी अधिकारी बनकर कॉल करने जैसे अपराध कर रहे हैं। 6 घंटे की वेब लॉग-इन सीमा का मकसद भी यही है कि अपराधियों को बार-बार डिवाइस और सिम पर कंट्रोल लेना पड़े, जिससे संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाना जांच एजेंसियों के लिए आसान हो सके।

विशेषज्ञों की राय बंटी हुई

इस फैसले को लेकर साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की राय एक जैसी नहीं है। कुछ विशेषज्ञ इसे जरूरी लेकिन कड़ा कदम मानते हैं, जबकि कुछ का कहना है कि इससे यूजर एक्सपीरियंस खराब होगा और साइबर सुरक्षा में अपेक्षित फायदा शायद न मिले। उनका तर्क है कि तकनीकी बदलाव से ज्यादा जरूरी है, सिस्टम लेवल पर सख्त निगरानी।

आम लोगों और कारोबारियों पर क्या पड़ेगा असर

SIM-बाइंडिंग का असर सभी यूजर्स पर समान नहीं होगा। विदेश यात्रा करने वाले लोग और NRI, जो Wi-Fi के जरिए भारतीय नंबर का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें दिक्कत हो सकती है।

Sim Binding

Sim Binding

इसके अलावा, वे प्रोफेशनल्स जो 8-10 घंटे लगातार WhatsApp Web जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करते हैं, उन्हें बार-बार लॉग-इन करना पड़ेगा। परिवारों में मल्टी-सिम यूजर्स, बुजुर्ग और कम तकनीकी समझ रखने वाले लोगों के लिए भी यह प्रक्रिया परेशानी बढ़ा सकती है।

बिजनेस और ऐप कंपनियों के लिए चुनौती

छोटे-बड़े कई कारोबार WhatsApp जैसे ऐप्स पर पूरी तरह निर्भर हैं। SIM-बाइंडिंग से उनका निर्बाध कम्युनिकेशन प्रभावित हो सकता है। वहीं ऐप कंपनियों के लिए यह फैसला तकनीकी रूप से बड़ी चुनौती है, क्योंकि उन्हें मौजूदा सिस्टम में पीछे से नया सिक्योरिटी लेयर जोड़ना होगा।

क्या कोई बेहतर विकल्प हो सकता है?

कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि सख्त SIM-KYC, टेलीकॉम कंपनियों, बैंकों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जैसे कदम ज्यादा कारगर हो सकते हैं। इससे फ्रॉड पर नियंत्रण भी रहेगा और यूजर्स की सुविधा भी कम प्रभावित होगी।

SIM-बाइंडिंग और संचार साथी अलग क्यों हैं?

SIM-बाइंडिंग निर्देश मैसेजिंग ऐप्स के लिए है, जबकि संचार साथी निर्देश फोन मैन्युफैक्चरर्स के लिए। सरकार ने स्मार्टफोन में संचार साथी ऐप प्री-इंस्टॉल करने को कहा है, जबकि SIM-बाइंडिंग सभी डिवाइस पर मौजूद मैसेजिंग ऐप्स पर लागू होगा। दोनों का मकसद सुरक्षा बढ़ाना है, लेकिन असर और दायरा अलग-अलग है।

End of Article