टेक एंड गैजेट्स

Explainer : Jio Fiber और Jio AirFiber में क्या है अंतर? कनेक्शन लेने से पहले जानें हर एक जरूरी बात

जियो फाइबर या फिर जियो एयर फाइबर कनेक्शन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको इसमें मोबाइल रिचार्ज की तुलना में कई गुना अधिक डेटा मिलता है। जियो की इन सर्विस का फायदा लेकर आप हैवी इंटरनेट कनेक्शन वाले काम आसानी से कर सकते हैं।

Jio AirFiber.

जियो के पास फाइबर और एयर फाइबर दोनों ही सेगमेंट में एक से बढ़कर एक प्लान्स मौजूद हैं।

Jio Fiber vs Jio AirFiber: रिलायंस जियो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। जियो के पास टेलीकॉम इंडस्ट्री में सबसे बड़ा यूजर बेस मौजूद है। रिलायंस जियो अपने करोड़ों ग्राहकों को कई तरह की सर्विस ऑफर करती है। जियो के पोर्टफोलियो में न सिर्फ प्रीपेड यूजर्स के लिए कई तरह के प्लान्स मौजूद हैं बल्कि पोस्पेड और ब्रॉडबैंड यूजर्स के लिए भी एक से बढ़कर एक ऑफर्स वाले प्लान्स मौजूद हैं। अगर आप जियो के ऐसे यूजर हैं जिसे अधिक डेटा और हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी की जरूरत पड़ती है तो इसके लिए जियो के पास दो तरह की सर्विस मौजूद हैं जिसमें Jio Fiber और Jio AirFiber शामिल हैं। जियो की ये दोनों सर्विसेस अलग-अलग माध्यम से ग्राहकों को इंटरनेट कनेक्टिविटी देती हैं।

जियो फाइबर या फिर जियो एयर फाइबर कनेक्शन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको इसमें मोबाइल रिचार्ज की तुलना में कई गुना अधिक डेटा मिलता है। इसके अलावा इन सर्विस में मिलने वाली मिनिमम डेटा स्पीड भी मोबाइल रिचार्ज प्लान में मिलने वाले डेटा स्पीड से कई गुना अधिक होती है। इन कनेक्शन्स में आप गेमिंग, ऑनलाइन स्ट्रीमिंग, हैवी ग्राफिक्स वाली एडिटिंग जैसे टफ टास्क को भी आसानी से कर सकते हैं। अगर आप कंफ्यूज हैं कि आपके लिए Jio Fiber या फिर Jio AirFiber में कौन का कनेक्शन लेना ज्यादा बेहतर होगा तो आज हम आपका कंफ्यूजन दूर करने वाले हैं। आइए आपको बताते हैं कि जियो फाइबर और जियो एयर फाइबर में क्या बड़ा अंतर है और इनके लिए आपको कितने रुपये खर्च करने पड़ेंगे।

Jio Fiber क्या है?

Jio Fiber भारतीय टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो की तरफ से उपलब्ध कराई जाने वाली एक हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी सर्विस है। यह एक फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क (FTTH) होता है, जिसका मतलब होता है कि इसमें तार के जरिए इंटरनेट की सर्विस दी जाती है। अगर आप अपने काम के लिए हाई स्पीड कनेक्टिविटी चाहते हैं तो यह आपकी इस जरूरत को पूरा करता है। जियो फाइबर वायर्ड कनेक्शन खराब मौसम में भी यूजर्स को तगड़ी इंटरनेट कनेक्टिविटी देता है।

Jio Fiber की इंटरनेट स्पीड

Jio Fiber कनेक्शन्स में यूजर्स को कंपनी 30Mbps से लेकर 1Gbps तक की हाई स्पीड कनेक्टिविटी ऑफर की जाती है। जियो फाइबर प्लान में कंपनी OTT ऐप्स का फ्री सब्सक्रिप्शन भी ऑफर करती है। ये बेनिफिट्स अलग-अलग प्लान्स में अलग-अलग होते हैं। इसके अलावा यूजर्स को टीवी-टू-टीवी वीडयो कॉलिंग, जियो सिक्योरिटी और होम नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं दी जाती है। Jio Fiber के प्लान की कीमत 399 रुपये से शुरू होती है। अगर आप 1Gbps वाला प्लान लेते हैं तो इस सेगमेंट में दो तरह के प्लान्स मौजूद हैं जिनकी कीमत 3,999 रुपये और 8999 रुपये है। इन प्लान्स में आपको बेस प्राइस के अलावा GST अलग से देना होगा।

Jio AirFiber क्या है?

Jio AirFiber कंपनी की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी बेस्ड हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्टिवीटी उपलब्ध कराने वाली सर्विस है। इसे आप किसी भी इलेक्ट्रिक सोर्स में प्लग-इन कर इस्तेमाल कर सकते हैं। बता दें कि AirFiber काफी हद तक वाईफाई हॉटस्पॉट की तरह काम करता है। जहां Jio Fiber कनेक्शन में कंपनी Fiber केबल को ग्राहक के घर तक लाती है वहीं AirFiber में केबल की जरूरत नहीं पड़ती है। इसमें कंपनी एक आउटडोर और इनडोर यूनिट इंस्टाल करती है। खराब मौसम के प्रति जियो एयर फाइबर ज्यादा संवेदनशील है। इसलिए अगर आप ऐसी जगह पर रहते हैं जहां मौसम अधिक खराब रहता है तो आपको कनेक्टिविटी में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। जियो एयर फाइबर उन इलाकों के लिए ज्यादा बेहतर ऑप्शन है जहां पर अभी तक फाइबर केबल की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

Jio AirFiber प्लान की कीमत और स्पीड

जियो अपने इस सर्विस में यूजर्स को दो तरह के प्लान्स ऑफर करता है जिसमें AirFiber और AirFiber Max शामिल हैं। इसमें कंपनी ने अलग-अलग बजट में कई तरह के प्लान्स शामिल किए हैं। Air Fiber के शुरुआती प्लान में यूजर्स को 30Mbps तक की स्पीड मिलती है। वहीं इसके 899 रुपये और 1099 रुपये के प्लान में कंपनी 100Mbps की स्पीड होती है। वहीं अगर Jio AirFiber Max की बात करें तो इसमें आपको 1Gbps तक की इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलती है। Jio AirFiber Max के बेसिक प्लान की बात करें तो इसकी कीमत 1499 रुपये है।

निष्कर्ष- आसान शब्दों में अगर इन दोनों टेक्नोलॉजी के बारे में जानना चाहें तो कह सकते हैं कि जियो फाइबर एक वायर्ड कनेक्शन है जिसमें इंटरनेट के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं दूसरी तरफ जियो एयर फाइबर एक वायरलेस कनेक्शन है जिसमें एक एंटीना का इस्तेमाल किया जाता है। यह 5G तकनीक पर काम करता है। इसके लिए केवल एक प्लग एंड प्ले डिवाइस की जरूरत होती है। दोनों में ही मुख्य अंतर कनेक्टिविटी के मीडियम पर है। एक फाइर वायर्ड है जबकि दूसरा वायरलेस है।

यह भी पढ़ें-Samsung Galaxy S24 Ultra की औंधे मुंह गिरी कीमत, Flipkart ने 47,000 रुपये का किया Price Cut

लेटेस्ट न्यूज

गौरव तिवारी
गौरव तिवारी Author

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से ... और देखें

End of Article