दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple अपने प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है। कंपनी के CEO टिम कुक ने द वॉल स्ट्रीट जर्नल को दिए इंटरव्यू में कहा है कि मेमोरी और स्टोरेज चिप की बढ़ती कीमतों का असर प्रोडक्ट की कीमतों पर पड़ सकता है।
AI सर्वर की मांग बढ़ने से मेमोरी चिप की कमी
रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डेटा सेंटर की तेजी से बढ़ती मांग ने मेमोरी चिप की सप्लाई पर दबाव बढ़ा दिया है। कई इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां कम होती चिप सप्लाई के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं, जिसके कारण कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है।
ऑटोमोबाइल कंपनियों, रिटेलर्स और इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों ने भी पहले चेतावनी दी थी कि मेमोरी चिप की बढ़ती मांग से अमेरिकी बाजार में कई उपभोक्ता उत्पाद महंगे हो सकते हैं और सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है।
टिम कुक बोले- कीमत बढ़ना दुर्भाग्यपूर्ण लेकिन जरूरी
टिम कुक ने कहा कि कंपनी ग्राहकों को बढ़ती लागत से बचाने की पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन मौजूदा स्थिति लंबे समय तक जारी रखना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि एपल पर भी चिप कंपनियों की ओर से बढ़ी हुई कीमतों का असर पड़ रहा है और अब कीमतों में बढ़ोतरी से बचना मुश्किल हो सकता है, हालांकि कुक ने यह साफ नहीं किया कि कीमतें कब बढ़ेंगी, कितनी बढ़ेंगी और किन प्रोडक्ट्स पर इसका असर पड़ेगा।
नए आईफोन मॉडल पर भी पड़ सकता है असर
रिपोर्ट के अनुसार, एपल सितंबर में अपना पहला फोल्डेबल आईफोन लॉन्च करने की तैयारी में है। इसके साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी पेश किए जा सकते हैं। कंपनी के लिए मेमोरी और स्टोरेज चिप की लागत बड़ी चिंता बनी हुई है, खासकर DRAM मेमोरी बाजार में बढ़ती कीमतों को लेकर।
AI इंडस्ट्री को ज्यादा मिल रही है चिप सप्लाई
टिम कुक ने कहा कि इस समय ज्यादा मेमोरी सप्लाई AI सर्वर में इस्तेमाल होने वाली हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) की ओर जा रही है। इसके कारण सामान्य उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस के लिए उपलब्ध चिप की मात्रा कम हो रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की डिवाइस की मांग बनी हुई है, लेकिन मेमोरी चिप की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। एपल चाहता है कि मेमोरी की कीमत और सप्लाई जल्द सामान्य स्तर पर लौटे।
एपल सप्लाई बढ़ाने के लिए नकदी का इस्तेमाल कर सकता है
कुक ने संकेत दिया कि एपल अपनी बड़ी नकदी क्षमता का इस्तेमाल मेमोरी चिप की सप्लाई बढ़ाने में मदद के लिए कर सकता है, हालांकि उन्होंने इसकी विस्तृत योजना साझा नहीं की। उन्होंने कहा कि ज्यादा उत्पादन क्षमता की जरूरत है और एपल समाधान का हिस्सा बनने के लिए तैयार है।
खुद की मेमोरी फैक्ट्री बनाने की योजना नहीं
टिम कुक ने यह भी स्पष्ट किया कि एपल अपनी नकदी और चिप डिजाइन विशेषज्ञता का इस्तेमाल करके खुद की मेमोरी और स्टोरेज फैक्ट्री बनाने की योजना नहीं बना रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी का ध्यान सप्लाई बढ़ाने और मौजूदा परिस्थितियों को संभालने पर है।
