क्रिकेट

मुंबई इंडियन्स ने दी सनराइजर्स हैदराबाद को मात, देखें मैच हाइलाइट्स और सभी डिटेल्स

हार्दिक पांड्या कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को मात देकर सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। जानिए कैसा रहा मुंबई हैदराबाद मैच के पल पल का हाल?

MI vs SRH kal ka Match Kaun Jeeta

मुंबई इंडियन्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद कल का मैच कौन जीता

मुंबई इंडियन्स ने सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2025 के गुरुवार को खेले गए 33वें मुकाबले में 4 विकेट के अंतर से मात देकर सीजन की लगातार दूसरी और कुल तीसरी जीत दर्ज की। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई के गेंदबाजों ने कसी हुई हुई गेंदबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट पर 162 रन के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 163 रन के लक्ष्य को मुंबई इंडियन्स ने 18.1 ओवर में 11 गेंद और 4 विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर ली। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

मुंबई इंडियन्स ने जीता टॉस:

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

अभिषेक-हेड ने दिलाई हैदराबाद को अच्छी शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने धीमी लेकिन सधी हुई शुरुआत दिलाई। गुरुवार को गेंद रुककर आ रही थी इसलिए हैदराबाद के बल्लेबाज मुंबई की कसी हुई गेंदबाजी के खिलाफ खुलकर रन नहीं बना पा रहे थे। दोनों ने पॉवरप्ले में हैदराबाद ने बगैर किसी नुकसान के 46 रन बना लिए थे। इसके बाद दोनों ने 6.3 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन ये साझेदारी आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर टूट गई। अभिषेक शर्मा 28 गेंद पर 40 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें हार्दिक पांड्या ने कैच कराया। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके जड़े।

ईशान फिर रहे नाकाम

अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद ट्रेविस हेड ने एक छोर संभाले रखा और उनका साथ देने ईशान किशन आए। ईशान विल जैक्स की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में गच्चा खाकर स्टंपिंग हो गए। वो 2(3) रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

रेड्डी और क्लासेन ने पहुंचाया 100 के पार

दो विकेट गंवाने के बाद ट्रेविस हेड एक छोर पर डटे रहे। दूसरे छोर पर उनका साथ देने नीतीश रेड्डी आए। दोनों ने स्कोर को आगे बढ़ाया और 11 ओवर में टीम को 82 रन तक ले गए। लेकिन 12वें ओवर की पहली गेंद पर हेड को विल जैक्स ने मिचेल सेंटनर के हाथों कैच करा दिया। हेड 28(29) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नीतीश रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन के साथ मिलकर हैदराबाद को 14.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 113 रन तक ले गए।

क्लासेन भी बड़ी पारी खेलने में रहे नाकाम

17वें ओवर की चौथी गेंद पर रेड्डी को ट्रेंट बोल्ट ने चलता कर दिया। नीतीश 19(21) रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके आउट होने के बाद क्लासेन को अनिकेत वर्मा का साथ मिला। 18 ओवर में दोनों ने स्कोर को 4 विकेट पर 136 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन 19वें ओवर की पहली गेंद पर क्लासेन की पारी का अंत बुमराह ने कर दिया। क्लासेन उनकी फुलटॉस गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 37(28) रन की पारी खेली। इस दौरान 3 चौके और 2 छक्के जड़े।

अनिकेत-कमिंस ने पहुंचाया 150 के पार

अंत में अनिकेत का साथ देने कप्तान पैट कमिंस आए। दोनों ने अंतिम 11 गेंद में 26 रन जड़े और टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन तक पहुंचा दिया। अनिकेत 8 गेंद में 2 छक्के की मदद से 18 और पैट कमिंस 4 गेंद में 8 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए सबसे सफल गेंदबाज विल जैक्स रहे। उन्होंने 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए। एक-एक सफलता ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को मिली।

रोहित ने दी मुंबई को तेज शुरुआत

जीत के लिए 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स को रियान रिकल्टन की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने तेजी से 32 रन जोड़े लेकिन रोहित शर्मा चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर कमिंस की गेंद पर ट्रेविस हेड के हाथों लपके गए। रोहित ने 26(16) रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने 3 छक्के जड़े। ये रोहित का मौजूदा सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

रिकल्टन-जैक्स ने संभाली पारी, पुहंचा 50 के पार

रोहित के आउट होने के बाद रियान रिकल्टन का साथ देने विल जैक्स मैदान पर उतरे। धीमी पिच पर जैक्स ने कुछ बड़े शॉट्स खेले। दोनों ने मिलकर मुंबई को पॉवरप्ले में 1 विकेट के नुकसान पर 55 रन तक पहुंचाया। मुंबई ने 5.4 ओवर में 50 रन के आंकड़े को पार कर लिया था। दोनों स्कोर को 69 रन तक ले गए। लेकिन दोनों की साझेदारी को हर्षल पटेल ने आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर तोड़ दिया। रिकल्टन 23 गेंद में 31 रन बनाकर हेड के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके जड़े।

सूर्या ने दी मुंबई की पारी को रफ्तार

रिकल्टन के आउट होने के बाद जैक्स का साथ देने कप्तान सूर्युकुमार यादव उतरे। सूर्या ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 10.4 ओवर में 100 रन के पार जैक्स के साथ मिलकर पहुंचा दिया। लेकिन 121 के स्कोर पर सूर्या को कमिंस ने जीशान अंसारी के हाथों कैच करा दिया। वो 26(15) रन बना सके। सूर्या ने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के जड़े। 121 के स्कोर पर मुंबई को तीसरा झटका 13वें ओवर में लगा।

हार्दिक-तिलक ने पहुंचा 150 के पार

सूर्या के पवेलियन लौटने के बाद तिलक वर्मा बल्लेबाजी करने उतरे। लेकिन जैक्स उनका साथ ज्यादा देर तक नहीं दे सके। जैक्स 36(26) रन बनाकर कमिंस का तीसरा शिकार बने। 128 रन पर चौथा विकेट चटकाने के बाद हैदराबाद को थोड़ी जीत की आस नजर आई। लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या ने एक छोर थामे खड़े तिलक के साथ तेजी से बल्लेबाजी करते हुए उस आशा को भी खत्म कर दिया। मुंबई ने 16.3 ओवर में 150 रन के आंकड़े को पार कर लिया और जीत के करीब पहुंच गई।

तिलक वर्मा ने जड़ा विजयी चौका

लेकिन जीत की दहलीज पार करने से ठीक पहले हार्दिक पांड्या ईशान मलिंगा की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 21(9) रन बनाए। 162 के स्कोर पर बल्लेबाजी करने आए नमन धीर भी पवेलियन लौट गए। अंत में तिलक वर्मा ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर जीत की औपचारिकता खत्म कर दी। तिलक 21(17) रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई ने 4 विकेट के अंतर से हैदराबाद को मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट कप्तान पैट कमिंस ने लिए। उनके अलावा 2 विकेट ईशान मलिंगा और एक हर्षल पटेल के खाते में गया।

प्लेयर ऑफ द मैच:

मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले विल जैक्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जैक्स ने 14 रन देकर 2 विकेट लिए और 36(26) रन बनाए।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article