सचिन तेंदुलकर और धर्मेंद्र (साभार-X)
बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। 89 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। वह लंबे वक्त से बीमार थे और कुछ दिन से उनके घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। इस बात की पुष्टि जाने-माने निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इसे एक युग का अंत बताया। हमेशा फैंस पर प्यार लुटाने वाले धर्मेंद्र सोशल मीडिया के समय में भी फैंस के बीच अलग तरह की लोकप्रियता रखते थे। वह जब भी किसी से मिलते थे, तो मुलाकात को यादगार बना देते थे। उन्हें कुछ ही क्षणों में दिल जीतना आता था। उनकी ऐसी ही एक मुलाकात क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर से हुई थी।
धर्मेंद्र और सचिन की हवाई मुलाकात
यह साल 2021 की बात है जब सचिन और धर्मेंद्र की मुलाकात यात्रा के दौरान फ्लाइट में हुई थी। इस मुलाकात को धर्मेंद्र ने बेहद खास बताया था। मुलाकात के बाद उन्होंने अपनी भावना उस वक्त ट्वीटर पर व्यक्त की थी। धर्मेंद्र ने लिखा "देश के गौरवशाली सचिन से आज अचानक हवाई जहाज में मुलाकात हो गई....सचिन जब-जब मुझे मिला मुझे हमेशा मेरा प्यारा बेटा बन के मिला....जीतते रहो, लव यू सचिन।
सचिन ने भी इस मुलाकात को खास बताते हुए उन्हें बड़ा वीरू बताया था। आपको बता दें कि सचिन विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को वीरू के नाम से बुलाते हैं। धर्मेंद्र से मुलाकात के बाद सचिन ने फोटो शेयर करते हुए लिखा था '“आज सबसे बड़े ‘वीरू’, धर्मेंद्र जी से मुलाकात हुई। ‘वीरू’ की बात ही अलग है! सब उनके फ़ैन हैं। क्या कहता है, वीरू (@virendersehwag)!”
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।