क्रिकेट

14 चौके, 8 छक्के, आयरलैंड और इंग्लैंड जाने से पहले तिलक वर्मा की विस्फोटक T20 सेंचुरी

Tilak Varma Century: तिलक वर्मा ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला की तैयारी पुख्ता करते हुए यहां टीजी20 में 56 गेंद में नाबाद 136 रन बनाकर यहां वारंगल वारियर्स के खिलाफ मेडक फाल्कंस को तीन विकेट से जीत दिलाई।

Image

तिलक वर्मा के शतक ने मेडक फाल्कंस को टीजी20 में जीत दिलाई (Instagram/MedakFalcons)

भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला की तैयारी पुख्ता करते हुए यहां टीजी20 में 56 गेंद में नाबाद 136 रन बनाकर यहां वारंगल वारियर्स के खिलाफ मेडक फाल्कंस को तीन विकेट से जीत दिलाई। जीत के लिये 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक ने आक्रामक शुरूआत की। उनकी टीम ने चौथे ही ओवर में 50 रन बना लिये। तिलक ने 22 गेंद में अर्धशतक पूरा करके अपनी टीम को आठवें ओवर में सौ रन के पार पहुंचा दिया।

आखिरी पांच ओवर में उन्हें 65 रन की जरूरत थी। तिलक ने 42 गेंद में शतक पूरा किया और विक्रम के साथ 58 रन की साझेदारी की। विक्रम (27) 19वें ओवर में आउट हुए जब दो ओवर में 20 रन की जरूरत थी। तिलक ने अपनी पारी में 14 चौके और आठ छक्के लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। इससे पहले वॉरियर्स के कप्तान अमन राव पेराला ने 32 गेंद में शतक लगाया और 48 गेंद में 142 रन की पारी खेली। तिलक टूर्नामेंट में एकमात्र यही मैच खेल रहे हैं।

इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज

तिलक वर्मा 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ शुरू हो रही टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया का हिस्सा हैं और वो टीम के उपकप्तान भी होंगे। आयरलैंड के बेलफास्ट में भारत और मेजबान आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को दो टी20 मैचों की सीरीज का आयोजन होगा। जिसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होगी और वहां पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इंग्लैंड में 1, 4, 7, 9 और 11 जुलाई को 5 अलग-अलग शहरों में भारत-इंग्लैंड टी20 मैच खेले जाएंगे।

आयरलैंड और इंग्लैंड के लिए भारत की टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article