Shubman Gill Out Of World Cup Squad: शुभमन गिल क्यों हुए टी20 विश्व कप 2026 की टीम से बाहर? अजीत आगरकर ने दिया जवाब
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Dec 20, 2025, 03:25 PM IST
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। इंडिया की 15 सदस्यीय टीम में शुभमन गिल को जगह नहीं मिली है। अजीत आगरकर ने बताया है कि उन्हें क्यों नहीं मिला मौका?
शुभमन गिल
मुंबई: अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने टी20 विश्व कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। चयन समिति ने बोल्ड निर्णय करते हुए शुभमन गिल को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। रिंकू सिंह और ईशान किशन की टीम में वापसी हुई है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए टीम के उपकप्तान बनाए गए गिल बतौर बल्लेबाज अपनी जगह बनाए रखने में नाकाम रहे। पारी की शुरुआत करते हुए गिल अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे थे इसका खामियाजा भी कई मौकों पर टीम को भुगतना पड़ा। ऐसे में उनकी जगह ईशान किशन को तरजीह दी गई है।
टीम कॉम्बिनेशन की वजह से हुए बाहर
अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया कि शुभमन गिल का बाहर होना उनके फॉर्म की वजह से नहीं बल्कि टीम कॉम्बिनेशन की वजह से है। मैनेजमेंट ऐसा विकेटकीपर चाहता था जो टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी कर सके ताकि टीम को अधिक मजबूती मिल सके। अगरकर ने आगे कहा, गिल एक क्वालिटी प्लेयर हैं और पिछले कुछ सालों में नंबर वन टी20 बैटर भी रहे हैं, लेकिन फिलहाल कॉम्बिनेशन की जरूरतें अलग थीं। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि उन्होंने कुछ पोजीशन फिक्स की हैं, तिलक वर्मा नंबर चार पर खेलेंगे, और हार्दिक व दुबे पांच और छह पर। टीम का मुख्य लक्ष्य पावरप्ले जीतना है और इसी आधार पर कॉम्बिनेशन तैयार किया गया है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम(India Squad for T20 World Cup 2026)
सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन(विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल(उपकप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, ईशान किशन(विकेटकीपर)।