क्रिकेट

SA20 2026: IPL 2026 से पहले मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी ने रचा इतिहास

SA20 2026: आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज रियान रिकल्टन ने इतिहास रच दिया। उन्होंने यह कारनामा SA20 लीग में किया। जोबर्ग के खिलाफ मैच में रिकल्टन ने शतकीय पारी खेलकर यह खास उपलब्धि हासिल की।

Ryan Rickelton

रियान रिकल्टन (साभार-IPL)

दक्षिण अफ्रीका टी20 विश्व कप 2026 की टीम में जगह बनाने से चूके रियान रिकल्टन गजब फॉर्म में चल रहे हैं। रिकल्टन ने साउथ अफ्रीका टी20 लीग के जारी सीजन में अपना दूसरा शतक ठोकते हुए एमआई केपटाउन को जोबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ 36 रन से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है। वांडरर्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एमआई केपटाउन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। रासी वान डर डुसेन और रियान रिकल्टन ने टीम को जोरदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 10.2 ओवर में 129 रन की तूफानी साझेदारी की। डुसेन 32 गेंद पर 6 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हो गए। रिकल्टन ने अपना विकेट नहीं गवाया। रिकल्टन 60 गेंद पर 9 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 113 रन पर नाबाद लौटे। उन्हीं की पारी की बदौलत एमआई केपटाउन ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए। निकोलस पूरन ने 14 और करीम जन्नत ने भी 11 गेंद पर 20 रन की पारी खेली।

235 रन का लक्ष्य जोबर्ग सुपर किंग्स के लिए कहीं से भी आसान नहीं होने वाला था और हुआ भी ऐसा ही। जोबर्ग 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 198 रन की बना सकी और मैच 36 रन से हार गई। जोबर्ग की तरफ से जेम्स विंस ने 43 गेंद पर 77 और डियान फोरेस्टर ने 42 गेंद पर 5 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 80 रन की पारी खेली, लेकिन माइकल पेप्पर, मैथ्यू डिविलियर्स और वियान मुल्डर की असफलता ने टीम को जीत से दूर रखा। डेवोन फेरेरिया ने 15 गेंद पर 22 रन बनाए। एमआई केपटाउन की तरफ से जॉर्ज लिंडे और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट लिए। कॉर्बिन बोश को 1 विकेट मिला।

रयान रिकल्टन प्लेयर ऑफ द मैच रहे। सीजन के सातवें मैच में एमआई की यह दूसरी जीत थी। टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है।

रिकल्टन ने रचा इतिहास

जोबर्ग के खिलाफ खेली गई इस शतकीय पारी के दम पर रियान रिकल्टन ने इतिहास रच दिया। वह SA20 इतिहास में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। आईपीएल 2026 से पहले यह मुंबई इंडियंस के लिए एक और गुड न्यूज है। रिकल्टन के अलावा इस बार मुंबई इंडियंस के स्क्वॉड में क्विंटन डिकॉक को भी शामिल किया गया है। जब डिकॉक स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे तो रिकल्टन और रोहित ही मुंबई की ओर से पारी का आगाज करते थे।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article