IPL 2026: आईपीएल के 19वें सीजन के अपने पहले छह मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेआफ की राह मुश्किल होती जा रही है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व मेंटोर केविन पीटरसन ने सोशल मीडिया पर केकेआर के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया। पीटरसन ने जिस तरह का दावा किया है, उससे माना जा सकता है अब केकेआर के कोच अभिषेक नायर के लिए ज्यादा दिन तक टिके रहना मुश्किल है। फ्रेंचाईजी के मालिक उनको जल्दी ही बाहर कर देंगे।
ब्रेंडन मैककलम के कोच बनने का दावा
इसके साथ ही पीटरसन ने यह भी बताया कि केकेआर किसको अपना कोच बना सकती है। उनका दावा है कि केकेआर IPL इतिहास में पहला शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ब्रेंडन मैककलम को अपना कोच नियुक्त कर सकती है। पीटरसन ने अपने एक्स अकाउंट पर इसे लेकर पोस्ट भी किया है। पीटरसन ने X पर लिखा, 'ब्रैंडन मैक्कलम अगले सीजन केकेआर के कोच होंगे। इस ट्वीट को चाहो तो सेव कर लो।' पीटरसन के इस ट्वीट के बाद इंटरनेट पर बहस छिड़ गई। बता दें कि ब्रेंडन मैककलम ने 18 अप्रैल 2008 को आईपीएल के उद्घाटन मैच में ही इतिहास की पहली सेंचुरी लगा दी थी। KKR के लिए खेलते हुए उन्होंने RCB के खिलाफ महज 73 गेंदों में नाबाद 158 रन बनाए थे।
पॉइंट टेबल में आखिरी पायदान पर केकेआर
बता दें कि कोलकाता इस सीजन के पॉइंट टेबल में आखिरी पायदान पर है। छह मैचों में से पांच हार चुकी कोलकाता को एकमात्र अंक पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश में धुले मैच से मिला है। दस टीमों की लीग में प्लेआफ की उम्मीदें बनाये रखने के लिये कम से कम सात मैच जीतने जरूरी हैं। अब आठ मैच बाकी है और केकेआर को हर हालत में हार से बचना होगा। टीम के खराब प्रदर्शन के बाद कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपनी टीम से मुश्किल दिनों का सामना करने, खुलकर खेलने और एक समय पर एक ही मैच पर फोकस रखने का आग्रह किया है। रहाणे ने कहा कि उनकी टीम को इन कठिन दिनों को स्वीकार करने और उनका सामना करने की जरूरत है। हर दिन नया है और हमें एक दूसरे का साथ देते हुए खुलकर खेलना होगा।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
