वाशिंगटन सुंदर (फोटो- AP)
Washington Sunder on Batting Position Change: गुवाहाटी टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय कार्यवाहक कप्तान ऋषभ पंत द्वारा मार्को जानसेन के खिलाफ खेले गए खराब शॉट ने काफी विवाद खड़ा किया, लेकिन भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने अपने कप्तान की रणनीति का बचाव किया है। वाशिंगटन सुंदर ने जानसेन के समान ही राय व्यक्त करते हुए कहा कि पंत की शॉट चयन की रणनीति अच्छी थी, लेकिन उसे लागू करने में थोड़ी कमी रह गई।
पंत 7 रन बनाकर खेल रहे थे जब उन्होंने जानसेन की शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमा दिया। इससे पहले, ध्रुव जुरेल ने भी इसी तेज गेंदबाज के खिलाफ गैरजरूरी पुल शॉट खेलकर मिड-ऑन पर कैच दिया था। समान सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए वाशिंगटन सुंदर ने कप्तान का समर्थन किया।सुंदर ने कहा, "किसी और दिन गेंद स्टैंड में चली जाती और हम सब तारीफ करते और ताली बजाते। ऐसा ही होता है। कभी-कभी आपको उनकी योजना और कौशल का समर्थन करना होता है।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि पंत ने अतीत में कई बार ऐसे जोखिम भरे शॉट खेलकर सफलता दिलाई है। सुंदर ने कहा, "यह देखते हुए कि उन्होंने पहले भी बहुत सारे उदाहरण पेश किए हैं। मुझे लगता है कि यह सिर्फ उनके कौशल का समर्थन करने के बारे में है। जाहिर है कि योजना को उस तरह लागू नहीं किया जा सकता जिस तरह हम चाहते थे।"
भारत के बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहने और 201 रन पर सिमटने के बावजूद, वाशिंगटन सुंदर ने जोर देकर कहा कि गुवाहाटी की पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी है।उन्होंने पिच के बारे में कहा, "यह बहुत अच्छा विकेट है। आपको इस तरह के विकेट पर अधिक बल्लेबाजी करने को नहीं मिलती, विशेषकर भारत में। सच कहूं तो यह एक जीवंत विकेट है। अगर आप क्रीज पर समय बिताओगे तो रन बनाओगे।" वाशिंगटन का यह जवाब संभवतः ध्रुव जुरेल और पंत जैसे खिलाड़ियों को पसंद नहीं आएगा, जो खराब शॉट खेलकर आउट हुए।
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि जब जानसेन गेंदबाजी कर रहे थे तो असमान उछाल था। सुंदर ने कहा, "बिल्कुल भी असमान उछाल नहीं था। जाहिर है वह सबसे लंबा है और उसे गुड लेंथ पर थोड़ा तेज उछाल मिलता है। हम ऐसे गेंदबाजों के खिलाफ काफी खेले हैं।" उन्होंने अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि किसी और दिन बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहतर होता तो परिणाम अलग होते।
वाशिंगटन सुंदर ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। पिछले टेस्ट में वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे, जबकि इस टेस्ट में आठवें नंबर पर खेलते हुए उन्होंने 48 रन की अहम पारी खेली और कुलदीप यादव के साथ अच्छी साझेदारी की।यह पूछे जाने पर कि क्या बल्लेबाजी क्रम बदलने से उन्हें असहजता होती है, वाशिंगटन ने कहा, "बिल्कुल नहीं। सच कहूं तो मैं ऐसा क्रिकेटर बनना चाहता हूं जो टीम की जरूरत के हिसाब से आगे आए और जहां भी टीम चाहे वहां बल्लेबाजी और गेंदबाजी करे। मुझे तैयार रहना होगा और टीम के लिए काम करना होगा। मेरी मानसिकता ऐसी ही है।" उन्होंने कहा कि अलग-अलग भूमिका निभाने का मौका मिलना रोमांचक होता है और बहुत कम लोगों को यह अवसर मिलता है।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) अपडेट और भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका लाइव स्कोर (IND Vs SA Live Score) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।