ऋषभ पंत (फोटो- AP)
IND vs SA: गुवाहाटी में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन, भारतीय बल्लेबाज ऋषभ पंत को तेज गेंदबाज मार्को यानसेन के खिलाफ ख़राब शॉट चयन के लिए काफी आलोचना झेलनी पड़ी। लेकिन जिस दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज के खिलाफ पंत आउट हुए, उस मार्को यानसेन का मानना है कि अगर पंत का शॉट सही लगता तो शायद यह आलोचना नहीं हो रही होती।
पंत ने यानसेन के खिलाफ तब जोखिम भरा पुल शॉट खेलने की कोशिश की जब भारतीय टीम 102 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में थी। लंबे कद के यानसेन ने शॉर्ट गेंद फेंकी जो पंत के शरीर की तरफ आई और उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई। जब यानसेन से पूछा गया कि क्या वह पंत के शॉट चयन से हैरान हैं, तो उन्होंने एक संतुलित जवाब दिया।
दिन का खेल समाप्त होने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए यानसेन ने कहा, "ऐसा नहीं है कि चीजें हमेशा आपके हिसाब से होंगी।" उन्होंने आगे कहा, "कई बार ऐसा होता कि ऋषभ पंत उस गेंद को पचास सीट पीछे मारते, सीधे मेरे सिर के ऊपर से मारते और फिर हम अलग बातें कर रहे होते।" यानसेन ने स्वीकार किया कि खेल में जोखिम लेना हमेशा मौजूद रहता है और अगर पंत सफल होते तो परिणाम अलग होता।
दूसरे दिन 91 गेंद पर 93 रन की शानदार पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका को 489 रन के करीब पहुँचाने के बाद, यानसेन ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 48 रन पर छह विकेट चटकाए और भारत को 201 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। यानसेन को भारत की पारी की शुरुआती में ही एहसास हो गया था कि पिच से ना तो हवा से मदद मिल रही है और ना ही सतह से मूवमेंट, जिसके कारण उन्होंने बाउंसर आज़माने का फैसला किया।
यानसेन ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो गेंद कोलकाता की तरह उतनी तेजी से नहीं आ रही थी इसलिए हमें एक योजना बनानी पड़ी। जब मैंने अपना पहला विकेट (ध्रुव जुरेल) बाउंसर से लिया तो हमने कहा कि देखते हैं कि यह कब तक काम करेगा और यह काम कर गया।" कुलदीप यादव को छोड़कर, यानसेन ने अपने बाकी पांच विकेट शॉर्ट गेंद पर हासिल किए, और भारतीय गेंदबाजों को यह दिखाया कि जब विकेट से मदद नहीं मिलती है तो वैकल्पिक योजना कितनी महत्वपूर्ण होती है।
आईपीएल और सीमित ओवरों के अन्य टूर्नामेंट की वजह से यानसेन उपमहाद्वीप में अपने देश के लोकप्रिय खिलाड़ी है, लेकिन उन्होंने खुद माना कि भारत में गेंदबाजी करना उनके लिए हमेशा एक चुनौती रहा है।
अपनी छह फीट आठ इंच की लंबाई के कारण यानसेन को पगबाधा (LBW) और बोल्ड करने में अक्सर समस्या आती है। उन्होंने कहा, "मुझे हमेशा भारत में गेंदबाजी करते हुए परेशानी हुई है, चाहे वह सफेद गेंद का क्रिकेट हो या लाल गेंद का। मुझे अब भी उन लोगों से जलन होती है जो बॉल को अंदर की ओर लाते हैं क्योंकि मेरी लंबाई के कारण गेंद स्टंप के ऊपर से निकल जाती है। केजी (कागिसो रबाडा) जैसे दूसरे गेंदबाजी की गेंदबाजी ऑफ स्टंप पर टकराती है इसलिए मुझे हमेशा उन लोगों से जलन होती है जो लंबाई में मेरे से थोड़े छोटे हैं।"
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) अपडेट और भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका लाइव स्कोर (IND Vs SA Live Score) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।