दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू पिच रिपोर्ट
DC vs RCB Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में आज (27 अप्रैल 2025) को दो धमाकेदार मैच खेले जाने वाले हैं। इसके दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (Delhi Capitals vs Royal Challengers Bengaluru) से हो रही है। इस मैच का आयोजन दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium Delhi) में किया जा रहा है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 8 मैच खेले हैं और इसमें से केवल 2 मैच गंवाए हैं। उन्हें गुजरात और मुंबई के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम का भी दमदार प्रदर्शन रहा है। टीम ने अब तक 9 मैच खेले हैं जिसमें से उसे 6 मैचों में जीत मिली है। आरसीबी को केवल पंजाब, दिल्ली और गुजरात के खिलाफ हार मिली है। इन दोनों टीमों के बीच इससे पहले इस सीजन में हुई मुलाकात में दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मार ली थी। आज होने वाले मैच में दिल्ली कैपिटल्स की कमान अक्षर पटेल (Axar Patel) के हाथों में होगी, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू टीम की कप्तानी एक बार फिर से रजत पाटीदार (Rajat Patidar) के पास है। मैच की शुरुआत शाम को 7:30 बजे से होगी।
आज आईपीएल के 18वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच होने वाले मैच से पहले एक नजर उनकी अंक तालिका में मौजूदा स्थिति पर डाल लेते हैं। दिल्ली कैपिटल्स की टीम 8 मैचों में 6 जीत के बाद 12 अंक लेकर इस समय अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है और उसका नेट रन रेट (NRCB) 0.657 है। वहीं, दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम 9 में से 6 जीत के साथ 12 अंक लेकर अंक तालिका में तीसरे पायदान पर है। उनका नेट रन रेट 0.482 है। अब जानते हैं कि आईपीएल के इतिहास में इन दोनों टीमों की टक्कर के आंकड़े कैसे रहे हैं। बेंगलुरू और दिल्ली के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में 32 मैच खेले गए हैं। इन मैचों में दिल्ली कैपिटल्स ने जहां 12 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं बेंगलुरू की टीम ने 19 बार दिल्ली की टीम को शिकस्त दी है। आज आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है ऐसे में इस मैदान पर भी दोनों टीमों के आंकड़े जान लेना जरूरी है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इन दोनों टीमों के बीच 10 बार टक्कर हुई है। जिसमें से आरसीबी को 6 बार जीत मिली है वहीं दिल्ली को 4 ही मैचों में फतह मिली है।
आईपीएल में आज दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium) पर आयोजित किया जाना है। इस ग्राउंड पर आईपीएल 2025 में अब तक सिर्फ 2 ही मैच खेले गए हैं और उसके आधार पर देखें तो इस बार भी पिच बल्लेबाजों को फायदा पहुंचाने वाली साबित होती दिख रही है। पहले मैच में यहां पर मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 205 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान दिल्ली कैपिटल्स की टीम एक समय पर जीत की दहलीज पर थी लेकिन 19वें ओवर में उनको लगातार तीन रन-आउट का सामना करना पड़ा और वे 193 रन ही बना सके। मुंबई ने 12 रन से मैच जीता और दिल्ली को इस सीजन की अपनी पहली हार मिली। वहीं दूसरा मैच एक थ्रिलर साबित हुआ था जिसका नतीजा 40 ओवर में नहीं निकल पाया था और सुपर ओेवर में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को मात दे दी थी। मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन बनाए थे वहीं बेंगलुरू ने भी 20 ओवर में 188 रन बनाए थे जिसके बाद फैसला सुपर ओवर में हुआ। अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक आईपीएल इतिहास में 91 मैच खेले जा चुके हैं जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 44 बार जीत हासिल हुई है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीमों को 46 बार मैच जीतने में सफलता मिली है। यहां एक मैच बेनतीजा रहा था। इस ग्राउंड पर सर्वाधिक आईपीएल स्कोर (7 विकेट पर 266 रन) सनराइजर्स हैदराबाद के ना दर्ज हो जो उसने पिछले ही सीजन में मेजबान दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बनाया था। जबकि न्यूनतम स्कोर (83 रन) दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज है। इस ग्राउंड पर पहली पारी का औसत स्कोर (Average Score) 167 रन है। यहां पिछले पांच मैचों में से चार मुकाबलों में मेजबान दिल्ली को जीत मिली है। दिलचस्प बात ये है कि इन सभी मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को ही जीत मिली है। दिल्ली ने पिछले पांच मैचों में से चार में पहले बैटिंग की और वो जीती, जिस एक मैच में कुछ दिन पहले वो बाद में बल्लेबाजी करने उतरी वहां उसे हार का सामना करना पड़ गया। ये सभी मुकाबले हाई-स्कोरिंग मैच रहे थे।
| तारीख | दोनों टीमें | मुकाबले का स्कोरकार्ड | मैच का नतीजा |
| 27 अप्रैल 2024 | दिल्ली-मुंबई | DC- 257/4, MI- 247/9 | DC 10 रनों से जीती |
| 7 मई 2024 | दिल्ली-राजस्थान | DC- 221/8, RR- 201/8 | DC 20 रनों से जीती |
| 14 मई 2024 | दिल्ली-लखनऊ | DC- 208/4, LSG- 189/9 | DC 19 रनों से जीती |
| 13 अप्रेल 2025 | दिल्ली-मुंबई | MI- 205/5, DC- 193 ऑल-आउट (19 ओवर) | MI 12 रनों से जीती |
| 16 अप्रैल 2025 | दिल्ली- राजस्थान | DC-188/5, RR- 188/4 | DC सुपर ओवर में जीती |
दिल्ली और बेंगलुरू के बीच आज होने वाले आईपीएल 2025 के मैच में दोनों टीमों के कई स्टार खिलाड़ी फैंस को रोमांचित करने के लिए तैयार होंगे। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से ट्रिस्टन स्टब्स (Tristan Stubbs), पिछले मैच में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले केएल राहुल (KL Rahul), रहस्यमयी स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav), तेज गेंदबाज मुकेश कुमार (Mukesh Kumar) और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) पर फैंस की नजरें होंगी। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की तरफ से जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood), विराट कोहली (Virat Kohli), फिल सॉल्ट (Phil Salt), यश दयाल (Yash Dayal), कप्तान रजत पाटीदार, भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) और टिम डेविड (Tim David) पर फैंस की नजरें रहेंगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की आईपीएल 2025 में टीम: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, यश दयाल, जोश हेजलवुड, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, रसिख सलाम, सुयश शर्मा, कृणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, स्वस्तिक चिकारा, लुंगी एनगिडी, अभिनंदन सिंह और मोहित राठी।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।