दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियन्स अरुण जेटली स्टेडियम पिच रिपोर्ट
मुख्य बातें
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में आज एक अहम मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में आमने-सामने होंगी दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियन्सकी टीमें। ये मैच दिल्ली में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में अब तक दिल्ली कैपिटल्स की टीम अजेय रही है। चार मैच में चार जीत के साथ अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम पहले पायदान पर बनी हुई है। दिल्ली कैपिटल्स अपने चार मैच में लखनऊ, हैदराबाद, चेन्नई और आरसीबी को मात दे चुकी है। अब उसकी टक्कर मुंबई से होने जा रही है। वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियन्स का हाल बेहाल होता दिख रहा है। मुंबई इंडियन्स की टीम अबतक खेले 5 मैच में से एक में जीत और चार में हार के साथ अंक तालिका में 2 अंक के साथ नौवें पायदान पर है। उससे नीचे चेन्नई सुपर किंग्स की टीम है जिसे 6 मैच में से पांच में हार मिली है। मुंबई को अबतक की एकलौती जीत केकेआर के खिलाफ अपने घर वानखेड़े स्टेडियम में मिली है। इलके अलावा मुंबई की पलटन को चेन्नई, गुजरात, लखनऊ और आरसीबी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई के सामने वजूद का सवाल आ खड़ा हुआ है ऐसे में दिल्ली के खिलाफ कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेलकरेंगे। वहीं, मुंबई इंडियन्स की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में होगी।
टूर्नामेंट की ताजा अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 8 अंक और 1.278 के नेट रन रेट के साथ टॉप पर काबिज है। दिल्ली अबतक टूर्नामेंट में अजेय है। वहीं मुंबई इंडियन्स की टीम 2 अंक और -0.010 के नेट रन रेट के साथ नौवें पायदान पर है। आज दिल्ली और मुंबई के बीच होने वाले मैच से पहले जान लेते हैं कि आईपीएल इतिहास में इन दोनों टीमों के आंकड़े कैसे रहे हैं। आईपीएल इतिहास में दिल्ली और मुंबई का सामना 35 बार हुआ है जिसमें से 16 मैच दिल्ली के और 19 मुंबई के खाते में गए हैं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दोनों की 12 बार भिड़ंत हुई है जिसमें से 7 बार जीत दिल्ली कैपिटल्स के और 5 बार मुंबई इंडियन्स के हाथ लगी है।
आईपीएल 2025 में आज दिल्ली कैपिटल्स और मेहमान मुंबई इंडियन्स के बीच होने वाला बड़ा मैच दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम (Arun Jaitley Cricket Stadium Delhi) पर खेला जाना है। यह इस मैदान पर खेला जाने वाला सीजन का पहला मैच है। दिल्ली में मैच शाम के वक्त खेला जाएगा। दिल्ली में गर्मी पड़ रही है। दिन में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस वजह से पिच में नमी कम रहेगी। दिल्ली पिछले सीजन से दूसरा हाई स्कोरिंग वेन्यू रहा है। ये परिस्थिति मेजबान टीम पर पूरी तरह निर्भर करेगा। यदि वो इसमें बदलाव करना नहीं चाहेगी तो उसी तरह रनों की बारिश होगी। दिल्ली में दो दिन से आ रहे आंधी तूफान की वजह से गर्मी में थोड़ी कमी आई है। अरुण जेटली स्टेडियम की पिच समान्य तौर धीमी और कम उछाल वाली माना जाता था लेकिन साल 2023 के वनडे विश्व कप के बाद से यहां की पिच का मिजाज बदल गया है और ये बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग बन गई है। अब तक यहां कुल 90 आईपीएल मैच खेले गए हैं, जिसमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 43 मैचों में जीत मिली है और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 46 मैच जीते हैं। ऐसे में टॉस की भूमिका ज्यादा अहम नहीं है। टीमें बड़े स्कोर भी यहां चेज कर लेती हैं। अरुण जेटली स्टेडियम में अधिकतम स्कोर 266 और न्यूनतम 44 रहा है। यहां पहली पारी में औसतन 170 और दूसरी में 154 रन बनते हैं।
मेजबान दिल्ली कैपिटल्स और मेहमान मुंबई इंडियन्स के बीच आज खेले जाने आईपीएल 2025 के मुकाबले में फैंस की नजरें कई बेहतरीन खिलाड़ियों पर रहने वाली हैं। दिल्ली की तरफ से निगाहें केएल राहुल (KL Rahul), फॉफ डुप्लेसी(Faf Du Plessis), आशुतोष शर्मा(Ashutosh Sharma), कप्तान अक्षर पटेल(Axar Patel), Mohit Sharma(Mohit Sharma) और मिचेल स्टार्क(Mitchell Starc) पर रहेंगी। वहीं मुंबई इंडियन्स के जिन खिलाड़ियों पर सबकी नजर रहेगी उसमें रोहित शर्मा(Rohit Sharma), सूर्यकुमार यादव(Suryakumar Yadav), तिलक वर्मा(Tilak Verma), हार्दिक पांड्या(Hardik Pandya), रियान रिकलटन उनमें अहम हैं। इनके अलावा भी दोनों टीमों में कई मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं जो आज के मुकाबले को रोमांचक बना सकते हैं।
अक्षर पटेल (कप्तान), फाफ डु प्लेसी, करुण नायर, समीर रिजवी, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, आशुतोष शर्मा, केएल राहुल, अभिषेक पोरेल, डोनोवन फरेरा, ट्रिस्टन स्टब्स, माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, मनवंत कुमार, विप्रज निगम, अजय मंडल, दर्शन नालकंडे, मुकेश कुमार, मोहित शर्मा, टी नटराजन, मिशेल स्टार्क, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव।
हार्दिक पंड्या (कप्तान), जसप्रित बुमरा, सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, नमन धीर, रॉबिन मिंज, कर्ण शर्मा, रयान रिकेलटन, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, विल जैक, अश्विनी कुमार, मिशेल सेंटनर, रीस टॉपले, कृष्णन श्रीजीत, राज अंगद बावा, सत्यनारायण राजू, बेवोन जैकब्स, अर्जुन तेंदुलकर, लिज़ाद विलियम्स, विग्नेश पुथुर।
आज इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली और मुंबई के बीच खेला जाने वाला मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित होगा। दिल्ली में खेला जाने वाले यह इस सीजन का यह पहला मुकाबला है। दिल्ली के मौसम की बात करें तो आज यहां मौसम गर्म रहेगा और बारिश की संभावना बिलकुल भी नहीं है। अगर तापमान की बात करें तो दिल्ली में आज मैच के दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम 30 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं। भीषण गर्मी में दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उमस का भी सामना करना पड़ेगा। मैच के साथ-साथ उमस बढ़ती जाएगी।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।