अजीत अगरकर जून 2027 तक भारतीय टीम की मेंस सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप तक अजीत अगरकर का कार्यकाल बढ़ाने का फैसला लिया है। उनका मौजूदा कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है, लेकिन एक रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड ने अजीत अगरकर को नया अनुबंध दिया है।
बीसीसीआई के इस कदम को रिजल्ट और परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है। अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारतीय मेंस टीम ने आईसीसी खिताब के लंबे सूखे को समाप्त किया और फिर 2024 और 2026 टी20 विश्व कप के साथ-साथ 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा है। भारत ने घरेलू मैदान पर 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भी जगह बनाई, जिससे मौजूदा चयन प्रणाली के तहत स्थिरता की व्यापक तस्वीर और मजबूत हुई।
चार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची भारतीय टीम
अगरकर की अध्यक्षता में अक्टूबर 2023 से मार्च 2026 के बीच चुनी गई भारतीय टीम चार आ ईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची और इसमें से तीन में टीम ने खिताब जीता। भारत इस दौरान दो टी20 विश्व कप और एक बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में सफल रहा और यह पहले से ही लगभग तय था कि उनका अनुबंध चौथे साल के लिए बढ़ाया जाएगा।
पद पर बने रहेंगे अगरकर
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने पीटीआई को बताया, ’’अगरकर ने सेवा विस्तार नहीं मांगा था। एक चयनकर्ता जूनियर या सीनियर चयन समिति में चार साल तक और दोनों समितियों में मिलाकर कुल पांच साल तक काम कर सकता है इसलिए अजीत को नया अनुबंध दिया गया है, उसमें विस्तार नहीं किया गया।’’
अगरकर ने लिए बोल्ड फैसले
अगरकर के करीबी सूत्रों ने हमेशा यही कहा कि वह खुद अनुबंध बढ़वाने की मांग करने की जगह फैसला करने वालों को अपनी समिति के प्रदर्शन का आकलन करने देना अधिक पसंद करते हैं। पचास ओवर के विश्व कप से पहले निरंतरता बनाए रखना बोर्ड के इस फैसले के पीछे के मुख्य कारणों में से एक है।
अपने कार्यकाल के दौरान समिति ने कई कड़े फैसले किए हैं जिनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा और आर अश्विन के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास प्रक्रिया को देखना और सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर करना शामिल है। साथ ही वनडे की कप्तान रोहित से गिल को हैंडओवर की।
समिति ने एक साहसिक चयन फैसला भी लिया, जिसमें टेस्ट और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय कप्तान शुभमन गिल को टी20 विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया। साथ ही सूर्यकुमार यादव को कप्तानी सौंपना भी शामिल रहा।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
