सुल (जर्मनी): भारत के युवा निशानेबाजों ने आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में अपना धमाल जारी रखा है। गुरुवार को भी भारत की झोली में एक और गोल्ड मेडल आया। भारत को ये नौवां गोल्ड मेडल सरबजोत सिंह ने दिलाया। जर्मनी में चल रही इस प्रतियोगिता के 10 मीटर पिस्टल इवेंट में सरबजोत सिंह ने 239.6 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही ये भी तय हो गया कि भारत ने 10 मीटर पिस्टल इवेंट में पुरुष और महिला वर्ग, दोनों ही जगह पदक जीत लिए।
सरबजोत सिंह ने जहां पुरुष 10 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया, वहीं दूसरी तरफ इससे पहले बुधवार को महिला 10 मीटर पिस्टल इवेंट में 14 वर्षीय निशानेबाज इशा सिंह ने सिल्वर मेडल जीता था। सरबजोत सिंह के पदक के साथ 6 दिन की इस प्रतियोगिता के बाद भारत अब भी 9 गोल्ड, 9 सिल्वर और 4 कांस्य पदक के साथ कुल 22 पदक लेते हुए अंक तालिका में शीर्ष पर है। अब प्रतियोगिता में एक दिन का खेल बाकी है। इस अंक तालिका में दूसरे नंबर पर चीन मौजूद है जो सात गोल्ड, सात सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल के साथ 20 पदक अपने नाम कर चुका है।
सरबजोत ने इसी साल की शुरुआत में ताओयुआन में आयोजित हुई एशियन चैंपियनशिप में इसी इवेंट (10 मीटर एयर पिस्टल) में गोल्ड मेडल जीता था। वो एकमात्र भारतीय थे जिन्होंने 575 अंकों के साथ क्वालीफिकेशन राउंड में 575 अंकों के साथ क्वालीफाई किया था।
सरबजोत को चीनी प्रतिद्वंद्वियों से इवेंट में कड़ी टक्कर मिली थी। उन्होंने 19वें शॉट पर 8.4 का स्कोर दर्ज किया था जिससे उनकी बढ़त कम हो गई थी लेकिन अंत में उन्होंने दो अंकों की बढ़त अपने नाम करते हुए जीत दर्ज की। दूसरे और तीसरे नंबर पर चीनी निशानेबाज रहे जिन्होंने रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।