बेंगलुरूः भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज खिलाड़ी मनदीप सिंह का कहना है कि अगर टीम पदक जीतती रहे तो इससे प्रशंसकों में भी इजाफा होगा और खेल की देश में लोकप्रियता भी बढ़ेगी। मनदीप सिंह ने कई चीजों पर बात करते हुए ये भी बताया कि अगले साल जापान की राजधानी टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी भारतीय हॉकी टीम पूरी तरह से तैयार है।
मनदीप सिंह ने खेल मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए 'खेलो इंडिया' अभियान की भी तारीफ की जिसके जरिए ग्रास रूट लेवल पर खिलाड़ियों व उनकी प्रतिभा को मौका देने का काम किया जा रहा है। मनदीप ने कहा, 'खेलो इंडिया एक शानदार मंच के रूप में सामने आया है। इसने ग्रास रूट स्तर पर खेलों में सुधार लाने का काम किया है। हमारे खेल मंत्री ने हमेशा हमारा समर्थन किया है। ये हमारा कर्तव्य है कि हम देश के लिए पदक जीतें।'
इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने आगे कहा, 'अगर हम देश के लिए पदक जीतते रहे तो खेलों में अपने आप बदलाव दिखने लगेगा। युवा इस खेल की तरफ आकर्षित होंगे और कदम आगे बढ़ाएंगे। अगर क्रिकेट को समर्थन मिल रहा है तो मैं कहूंगा कि हॉकी को भी समर्थन मिल रहा है। हम पदक जीतते जाएंगे तो ये खेल खुद लोगों को अपनी ओर खींचने का काम करेगा।'
टोक्यो ओलंपिक जैसे-जैसे करीब आ रहा है इसको लेकर चर्चा भी तेज होनी शुरू हो गई है। मनदीप का कहना है कि हमारा पहला लक्ष्य ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना है। उनका मानना है कि वे ओलंपिक के लिए जरूर क्वालीफाई कर लेंगे और जब टीम क्वालीफाई कर लेगी, वे गोल्ड के लक्ष्य के साथ ओलंपिक में उतरेंगे। गौरतलब है कि हॉकी इंडिया ने 25 जुलाई को जापान में होने वाले ओलंपिक टेस्ट इवेंट के लिए 18 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम का ऐलान किया था। अब भारतीय फैंस भी यही उम्मीद करेंगे कि सबसे ज्यादा ओलंपिक हॉकी पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम एक बार फिर पुराने दिनों की यादें ताजा कर दे।