नई दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजीजू ने शनिवार को घोषणा की कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीसरे संस्करण का आयोजन गुवाहाटी में होगा। शनिवार को खेल मंत्री ने ट्वीट कर खेलो इंडिया के तीसरे संस्करण के कार्यक्रम का ऐलान भी किया। इस बार इन खेलों का आयोजन अगले साल 2020 में 18 से 30 जनवरी के बीच असम में होगा।
रिजीजू ने ट्वीट किया, मुझे इस बार की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीसरे संस्करण का आयोजन अगले साल 18 से 30 जनवरी के बीच गुवाहाटी में होगा। इन खेलों में 10 हजार से ज्यादा खिलाड़ी और खेल अधिकारी भाग लेंगे। इन खेलों का आयोजन इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन, एसजीएफआई और मेजबान असम के साझा सहयोग से होगा।' खेलो इंडिया भारत में राष्ट्रीय स्तर पर हर साल आयोजित होने वाली स्पर्धा है जिसमें कई एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन अंटर 17 और अंडर 21 जैसे दो आयुवर्ग में होता है। अंडर 17 आयु वर्ग में मुख्यत: स्कूली स्तर के खिलाड़ी जबकि अंडर 21 आयुवर्ग में कॉलेज स्तर के खिलाड़ी भाग लेते हैं।
इससे पहले भी रिजीजू संसद में कह चुके हैं कि भारत सरकार ने देश की ग्रामीण स्तर की खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए खेलो इंडिया जैसे कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, यह सच है कि भारत के ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाएं छिपी हुई हैं। ग्रामीण इलाकों की खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए हमने खेले इंडिया जैसे कार्यक्रम की शुरुआत की है। वर्तमान में हम देश भर के विभिन्न केंद्रों पर तकरीबन 14 हजार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। हमारा सबसे ज्यादा ध्यान ग्रामीण खेल प्रतिभाओं पर है और हम आशा करते हैं कि ये खिलाड़ी भविष्य में देश के लिए ओलंपिक में पदक जीतने में सफल होंगे।'
खेलों इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत साल 2018 में दिल्ली में हुई थी। इसके बाद दूसरे संस्करण का आयोजन महाराष्ट्र के पुणे में किया गया था। ऐसे में लगातार तीसरे साल इन खेलों का आयोजन गुवाहाटी में होने जा रहा है। खेलों इंडिया पर भारत सरकार विशेष तौर पर ध्यान देर रही है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने साल 2019-20 का बजट पेश करते हुए घोषणा की थी कि खेलों को हर स्तर पर लोकप्रिय बनाने और खिलाड़ियों के विकास के लिए राष्ट्रीय खेल शिक्षा बोर्ड का गठन खेलो इंडिया योजना के तहत किया जाएगा। खेलों इंडिया कार्यक्रम के लिए केंद्रीय बजट में 601 करोड़ रुपये की राशि का आवंटन किया गया है।