नई दिल्ली: गीता फोगाट-पवन कुमार, साक्षी मलिक-सत्यव्रत कादियान और विनेश फोगाट-सोमवीर राठी। पहलावानों की जोड़ी वाले इस क्लब में अब एक नई एंट्री होने वाली है। 65 किग्रा वर्ग में विश्व के नंबर-1 और भारतीय रेसलिंग के स्टार पहलवान बजरंग पूनिया ने शादी करने का मन बना लिया है। फोगाट बहनों में सबसे छोटी संगीता को वह अपना हमसफर बनाएंगे। अगले साल टोक्यो ओलंपिक्स होना है, जिसमें बजरंग से देश को मेडल की उम्मीद है। बता दें कि 59 किग्रा वर्ग में संगीता भी नेशनल स्तर पर मेडल जीत चुकी हैं। इन दोनों ने शादी की बात अपने-अपने परिवार को बता दी है।
जानकारी मिली है कि बजरंग-संगीता की शादी टोक्यो ओलंपिक्स के बाद होगी। बजरंग का पूरा ध्यान फिलहाल ओलंपिक्स की तैयारियों में लगा है। वह कोच शाको बेंटिंडिस के मार्गदर्शन में तैयारी कर रहे हैं। वहीं संगीता भी राष्ट्रीय कैंप में चोट से उबरने में जुटी हुई हैं। इस बारे में फोगाट बहनों के ट्रेनर व पिता महावीर सिंह ने एक न्यूज वेबसाइट को बताया कि बजरंग और संगीता करीब तीन साल से एकसाथ हैं। बजरंग और संगीता टोक्यो ओलंपिक्स के बाद शादी कर सकते हैं।
महावीर ने कहा, 'दोनों परिवारों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी है, लेकिन अभी अंतिम निर्णय नहीं निकला है। मैं सिर्फ यही कह सकता हूं कि बच्चों की यही चाहत है और हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं। संगीता के जन्मदिन के मौके पर परिवार आपस में मिले। बजरंग का परिवार भी इस रिश्ते के बारे में जानकर खुश है।' महावीर ने बताया कि 25 वर्षीय कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स चैंपियन अधिकांश हरियाणा के चरखी दादरी जिला के बलई गांव में परिवार से मिलने आता है।
उन्होंने कहा, 'मैं अपनी तरफ से यही कह सकता हूं कि काफी खुश हूं। मैंने अपनी बेटियों को उनके हमसफर खोजने में कभी नहीं रोका। मैंने हमेशा कहा कि तुम अपना पार्टनर ढूंढो। सोचो कि तुम्हें कौन खुश रख सकता है और फिर फैसला करो। अगर आपको लगता है कि वह सही है तो आगे बढ़ो। मैं संगीता के लिए खुश हूं। टोक्यो ओलंपिक्स के बाद हम शादी के बारे में कोई फैसला लेंगे।'
जब न्यूज वेबसाइट ने संगीता से संपर्क किया तो उन्होंने इस पर किसी प्रकार की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। संगीता ने कहा, 'मुझे इस बारे में बात नहीं करना। आप पापा से बात कर लो। बजरंग ने भी कुछ कहने से परहेज किया।'
क्रिकेट/खेल की खबरें SPORTS/ CRICKET NEWS IN HINDI पर पढ़ें, देश भर की अन्य खबरों के लिए बने रहिए TIMES NOW HINDI के साथ। देश और दुनिया की सभी खबरों की ताजा अपडेट के लिए जुड़िए हमारे FACEBOOK पेज से।