हिंदू व्रत-विधान में उद्यापन क्या होता है: विधि, शुभ-अशुभ तिथियां और नियम, जानें किन व्रत में उद्यापन नहीं होता है
Udyapan kya hota hai (किन व्रत में उद्यापन नहीं किया जाता है), उद्यापन कैसे करते हैं: हम सभी ने कई बार सुना होगा कि व्रत के बाद उद्यापन किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उद्यापन क्या होता है, इसे कैसे करते हैं। उद्यापन के नियम क्या हैं और क्या ऐसे भी व्रत हैं - जिनका उद्यापन नहीं होता है। इस विशेष लेख से इसकी पूरी जानकारी लेते हैं।
- Authored by: मेधा चावला
- Updated Jan 27, 2026, 09:44 PM IST
Udyapan kya hota hai (किन व्रत में उद्यापन नहीं किया जाता है), उद्यापन कैसे करते हैं: हिंदू व्रत नियमों में कई व्रतों का उद्यापन जरूरी बताया गया है। माना जाता है कि उद्यापन के बिना व्रत का पूर्ण फल नहीं मिलता है। लेकिन बहुत से लोगों को उद्यापन के बारे में जानकारी नहीं होती है। वे इसके नियम, विधि और अन्य जानकारी चाहते हैं। क्या पारण और उद्यापन अलग अलग होते हैं। इस लेख में हमने इसी गूढ़ विषय पर कुछ जानकारी दे रहे हैं।
उद्यापन क्या होता है? (Udyapan Meaning in Hindu Vrat)
उद्यापन शब्द संस्कृत भाषा से लिया गया है जिसका अर्थ है - पूर्णता, समापन और कृतज्ञता प्रकट करना। दरअसल, हिंदू धर्म में व्रत-उपवास केवल संयम का प्रतीक नहीं, बल्कि एक नियत संकल्प होता है। जब कोई भक्त किसी व्रत को निश्चित अवधि तक करता है तो इसी के विधिवत समापन को उद्यापन कहा जाता है। व्रत की मनोकामना पूर्ति पर भी उद्यापन किया जाता है।
इस तरह उद्यापन संकल्प पूर्ति का अनुष्ठान है जो आपको ईष्ट के और करीब लेकर जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उद्यापन के बिना व्रत अधूरा माना जाता है और साधक को व्रत का पूर्ण फल नहीं मिलता।
उद्यापन क्यों जरूरी होता है (Importance of Udyapan in Hindi)
जैसे कि हमने जाना कि उद्यापन किसी व्रत के एक निश्चित संख्या के पूरे होने के बाद किया जाने वाला अनुष्ठान है। इसका उद्देश्य केवल भव्य पूजा-पाठ का आयोजन नहीं बल्कि व्रत के सफल तरीके से पूर्ण होने के लिए ईश्वर को धन्यवाद देना है। जब हम लगातार कोई व्रत रखते हैं तो हमने कहीं कोई त्रुटि हो जाती है, या पूजा में कोई कमी रह जाती है। ऐसे में व्रत काल में हुई भूल-चूक के लिए क्षमा याचना उद्यापन की मदद से की जाती है।
शास्त्रों में कहा गया है कि संकल्प की पूर्णता उद्यापन से ही मानी जाती है। इस तरह उद्यापन को संकल्प का विधिवत विसर्जन भी कहा जाता है जिसमें न सिर्फ पूजा और हवन, बल्कि दान-पुण्य द्वारा समाज सेवा भी शामिल रहती है।
व्रत का उद्यापन कैसे किया जाता है (Udyapan Vidhi Step by Step)
ऐसे तो हर व्रत की विधि अलग होती है और इनमें अलग अलग नियमों का पालन करना होता है लेकिन सामान्य रूप से उद्यापन में ये पांच चरण शामिल होते हैं। सुजीत जी महाराज बताते हैं कि व्रत का उद्यापन करने के चरण कौन से हैं -
1. उद्यापन संकल्प
जब आपके संकल्प किए हुए व्रतों की संख्या पूर्ण हो जाए तो उद्यापन के लिए अंतिम व्रत की सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें। इसके बाद व्रत के देवता का ध्यान करते हुए संकल्प लें।
2. उद्यापन के लिए विशेष पूजा
जिस देवी-देवता के लिए व्रत किया गया हो, उनकी विधिवत पूजा होती है। फूल, धूप, दीप, नैवेद्य और पूरी सामग्री के साथ इसे भगवान या जिनके नाम का भी व्रत आपने रखा हो, उनको अर्पित करें।
3. उद्यापन में हवन और मंत्र जाप
अधिकांश व्रतों के उद्यापन में हवन आवश्यक माना गया है। उद्यापन के हवन में मंत्रों के साथ आहुति दी जाती है। इस तरह व्रत की पूर्णता की घोषणा की जाती है। उद्यापन और हवन के जरिए यह माना जाता है कि व्रत या अनुष्ठान श्रद्धा और नियमों के साथ पूर्ण हुआ है।
4. ब्राह्मण या सुहागिन भोजन
कई व्रतों में उद्यापन के दौरान निश्चित संख्या में ब्राह्मणों या सुहागिन महिलाओं को भोजन कराया जाता है। ऐसा करना शुभ माना जाता है। उद्यापन में ब्राह्मणों या सुहागिन महिलाओं को भोजन कराना दान, कृतज्ञता और पुण्य के वितरण का प्रतीक होता है। मान्यता है कि इससे व्रत का फल पूर्ण होता है और वह पुण्य समाज व परिवार की मंगल कामना में समर्पित हो जाता है।
5. दान-दक्षिणा
व्रत का उद्यावन पूर्ण करते हुए दान देने की भी परंपरा है। उद्यापन में अन्न, वस्त्र, बर्तन, दक्षिणा, फल या व्रत से संबंधित सामग्री का दान किया जाता है।
उद्यापन के लिए कौन-सी तिथियां शुभ होती हैं? (Shubh Tithi for Udyapan)
पर्व-त्योहार या देवता से जुड़ी तिथि पर उद्यापन करने से विशेष फल मिलता है। वैसे उद्यापन के लिए शुक्ल पक्ष और मास भर में आने वाली शुभ तिथियों को श्रेष्ठ माना गया है। यहां देखें कि व्रत का उद्यापन किन तिथियों पर हो सकता है
- पूर्णिमा तिथि को व्रत के उद्यापन के लिए सबसे उत्तम माना गया है। इसके अलावा, एकादशी व द्वादशी तिथियां भी अच्छी मानी जाती हैं।
- व्रत के उद्यापन के लिए तृतीया, पंचमी, सप्तमी तिथि भी शुभ रहती हैं।
- अगर आप विष्णु जी के व्रत का उद्यापन कर रहे हैं तो इसके लिए गुरुवार का दिन शुभ रहेगा।
- अगर आप लक्ष्मी जी के व्रत का उद्यापन कर रहे हैं तो इसके लिए शुक्रवार का दिन शुभ रहेगा।
- अगर आप शिव जी के व्रत का उद्यापन कर रहे हैं तो इसके लिए सोमवार का दिन शुभ रहेगा।
किन तिथियों पर उद्यापन नहीं करना चाहिए (Ashubh Tithi for Udyapan)
कुछ तिथियां उद्यापन करने के लिए बेहद शुभ मानी जाती हैं, वहीं शास्त्रों में कुछ तिथियां उद्यापन के लिए वर्जित भी बताई गई हैं। माना जाता है कि इन तिथियों पर उद्यापन करने से व्रत का पूर्ण फल नहीं मिलता। जानें किन तिथियों पर उद्यापन नहीं किया जाता है -
- अमावस्या
- प्रतिपदा
- चतुर्थी
- अष्टमी व नवमी
- चतुर्दशी
- कृष्ण पक्ष
- ग्रहण काल
- अधिक मास (विशेष स्थिति को छोड़कर)
उद्यापन कब नहीं होता है
किन व्रतों का उद्यापन किया जाता है? (Vrat with Udyapan)
शास्त्रों में कुछ व्रत ऐसे भी बताए गए हैं जिनका उद्यापन आवश्यक माना गया है। मान्यता है कि इन व्रतों का उद्यापन किए बिना पूर्ण फल नहीं मिलता है। देखें किन व्रतों का उद्यापन जरूरी होता है -
- सोलह सोमवार व्रत
- संतोषी माता व्रत
- वरलक्ष्मी व्रत
- वैभव लक्ष्मी व्रत
- पूर्णिमा व्रत
- सत्यनारायण व्रत (नियत संख्या के बाद)
- एकादशी व्रत (विशेष संकल्प में)
- शिव प्रदोष व्रत
- सावित्री वट व्रत
किन व्रतों का उद्यापन नहीं किया जाता? (Vrat without Udyapan)
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि कुछ व्रत ऐसे भी हैं जिनका उद्यापन नहीं होता, क्योंकि वे हर वर्ष या जीवनभर किए जाते हैं। देखें वो कौन से व्रत हैं जिनका उद्यापन नहीं किया जाता है -
- करवा चौथ
- तीज व्रत
- नवरात्र व्रत
- महाशिवरात्रि (सामान्य उपवास)
- सोमवती अमावस्या
इन सभी व्रतों में उद्यापन नहीं बल्कि पारण किया जाता है। अब उद्यापन और पारण के बीच का अंतर आपको आगे बताते हैं।
किस व्रत में उद्यापन नहीं किया जाता है
व्रत का उद्यापन करने के नियम बताएं (Udayapan kaise karte hain)
उद्यापन हिंदू व्रत-विधान का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है। यह केवल पूजा नहीं, बल्कि कृतज्ञता, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। सही तिथि, विधि और श्रद्धा के साथ किया गया उद्यापन व्रत को पूर्णता देता है और जीवन में शांति, सुख और संतोष लाता है। किसी भी व्रत का उद्यापन श्रद्धा और शास्त्रीय मर्यादा के साथ किया जाता है। सामान्य रूप से इसके प्रमुख नियम इस प्रकार माने जाते हैं-
- नियत तिथि का चयन: उद्यापन उसी व्रत की निर्धारित तिथि, तिथि-योग या शुभ मुहूर्त में किया जाना चाहिए।
- विधिपूर्वक पूजा: स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर देवता की पूजा, कथा-पाठ और संकल्प अवश्य करें।
- हवन व आहुति: व्रत से संबंधित मंत्रों के साथ हवन कर आहुति दी जाती है, जिससे संकल्प की पूर्णता मानी जाती है।
- दान और भोजन: यथाशक्ति ब्राह्मणों, सुहागिन महिलाओं या जरूरतमंदों को भोजन व दक्षिणा देना आवश्यक माना गया है।
- कृतज्ञता और विनय: अंत में भगवान से जाने-अनजाने दोषों के लिए क्षमा याचना कर व्रत का फल समर्पित किया जाता है।
उद्यापन न करने पर क्या होता है? (Udyapan na kare to kya hota hai)
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उद्यापन को विशेष कारणों से जरूरी बताया गया है। ऐसे में उद्यापन नहीं करने पर -
- आपके व्रत का फल अधूरा रह सकता है
- मानसिक असंतोष बना रह सकता है
- संकल्प भंग का दोष लग सकता है
वैसे कहा ये भी जाता है कि विधि से ज्यादा भगवान भावना को प्रधान मानते हैं। यदि मजबूरी में उद्यापन न हो पाए, तो श्रद्धा से क्षमा याचना कर आगे करने का संकल्प लिया जा सकता है।
क्या उद्यापन के बाद वह व्रत दोबारा रख सकते हैं
नोएडा के पंडित पवन कुमार बताते हैं कि उद्यापन के बाद वही व्रत बिल्कुल दोबारा रखा जा सकता है। उद्यापन किसी व्रत की निश्चित अवधि या संकल्प की पूर्णता का प्रतीक होता है, न कि व्रत करने की अंतिम सीमा। यदि श्रद्धा बनी रहे या नई मनोकामना हो, तो उसी व्रत को वापस आरंभ किया जा सकता है। शास्त्रों में भी यह माना गया है कि भक्ति और आस्था से किया गया व्रत कभी निषिद्ध नहीं होता। इसलिए उद्यापन के बाद व्रत दोहराना पूर्णतः उचित और स्वीकार्य है।
पारण और उद्यापन में क्या अंतर है
पं. पवन कुमार का कहना है कि पारण जहां व्रत की समाप्ति के बाद उसी दिन किया जाता है, वहीं उद्यापन एक निश्चित संख्या पूरी होने के बाद करते हैं। व्रत के पारण में व्रती उपवास का समय पूरा होने के बाद पूजन व दान करके भोजन या जल ग्रहण करता है। इस तरह उस दिन का व्रत विधिवत समाप्त होता है।
वहीं उद्यापन किसी व्रत की निश्चित संख्या या अवधि पूरी होने पर किया जाने वाला विशेष संस्कार है। इसमें हवन, दान, ब्राह्मण या सुहागिन भोजन आदि करके व्रत की पूर्ण श्रृंखला का समापन और पुण्य का समर्पण किया जाता है।
