नई दिल्ली : भारत का मिशन चंद्रयान 2 ने अंतरिक्ष के दिखाई देने वाली पृथ्वी की पहली तस्वीर भेज दी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने इस बात की जानकारी दी है। चंद्रयान 2 ने एलआई4 कैमरे से पृथ्वी की पहली तस्वीर रविवार को भेजी है।
इसरो की तरफ से जारी किए गए तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा गया है- चंद्रयान 2 में विक्रमलैंडर द्वारा क्लिक की गई पृथ्वी की सुंदर तस्वीरों का पहला सेट 3 अगस्त शनिवार को चंद्रयान 2 LI4 कैमरे के द्वारा क्लिक की गई। इसरो ने दूसरे तस्वीर के कैप्शन में लिखा- शनिवार को चंद्रयान 2 के LI4 कैमरे ने पृथ्वी की कुछ ऐसी तस्वीर देखी।
बता दें कि चंद्रयान 2 लगातार चंद्रमा की कक्षा में अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहा है। मिशन चंद्रयान 2 को आंध्र प्रदेश के श्रहरिकोटा में सतीष धवन केंद्र से 22 जुलाई को दोपहर में लॉन्च किया गया था।
इसरो के मुताबिक इसकी सारी प्रक्रियाएं सुचारु रुप से चल रही है यह धीरे-धीरे चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा। चंद्रयान पहले पृथ्वी के चारों ओर चक्कर लगाएगा, इसके बाद वह 20 अगस्त तक कक्षा तक पहुंच जाएगा।
चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करते ही यह चंद्रमा की परिक्रमा करने लगेगा। इसके 13 दिन की परिक्रमा के बाद रोवर प्रज्ञान को लेकर जा रहा लैंडर विक्रम यान से अलग हो जाएगा और इसके बाद यह कुछ दिनों तक फिर कक्षा में परिक्रमा करेगा। फिर यह 7 सितंबर तक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में उतरेगा।
गौरतलब है कि पहले 15 जुलाई को चंद्रयान 2 को लॉन्च किया जाना था लेकिन प्रक्षेपण केंद्र पर सारी तैयारियां पूरी कर लेने के बाद यान में कुछ गड़बड़ी का पता लगा था जिसके बाद इस लॉन्चिंग को टाल दिया गया था। बाद में सारी समस्याओं का निदान करने पर 22 जुलाई को फिर से पूरी तैयारियों के साथ इसका सफल प्रक्षेपण किया गया था।