AC की सर्विस के दौरान कई बार कहा जाता है कि गैस खत्म हो गई है और इसे तुरंत भरवाना जरूरी है। लेकिन हर बार ऐसा जरूरी नहीं होता। कुछ लोग इस बहाने ग्राहकों से ज्यादा पैसे वसूल लेते हैं। इसलिए जब भी गैस रिफिलिंग की बात हो, तो पहले मार्केट रेट जरूर जान लें।
अगर आपके AC की कूलिंग कम हो गई है, तो जरूरी नहीं कि गैस ही खत्म हो। कूलिंग कॉयल को चेक करना भी जरूरी होता है। अगर कॉयल पर बर्फ नहीं जम रही है, तो यह संकेत हो सकता है कि गैस में समस्या है, हालांकि सही जांच के बिना गैस भरवाना नुकसानदायक हो सकता है।
आमतौर पर AC में दो तरह की गैस का इस्तेमाल होता है- R32 और R410। आजकल ज्यादातर नए AC में R32 गैस का उपयोग किया जाता है, जो ज्यादा एफिशिएंट और पर्यावरण के लिए बेहतर मानी जाती है। इसलिए गैस भरवाते समय यह भी जरूर पूछें कि आपके AC में कौन सी गैस डाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, AC सर्विस सेंटर पर गैस रिफिलिंग का खर्च आमतौर पर ₹1500 से ₹2500 के बीच होता है। यह कीमत AC में लीकेज और उसकी स्थिति पर निर्भर करती है। अगर कोई आपसे ₹3000 या ₹4000 तक मांग रहा है, तो सतर्क हो जाएं, क्योंकि यह ज्यादा चार्ज हो सकता है।
AC को सही तरीके से चलाने के लिए नियमित सर्विस बहुत जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, साल में कम से कम दो बार AC की सर्विस करानी चाहिए। इससे मशीन की परफॉर्मेंस बेहतर रहती है और गैस लीकेज जैसी समस्याएं भी कम होती हैं।