अगर पहली बार डेजर्ट ट्रिप की प्लानिंग कर रहे हैं तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि राजस्थान का सुनहरा रेगिस्तान या गुजरात का सफेद रण- दोनों में से कहां जाएं। दरअसल दोनों जगहों का अनुभव बिल्कुल अलग है। राजस्थान में रेत के ऊंचे-ऊंचे टीले, ऊंट सफारी और राजस्थानी लोक संस्कृति मिलती है, जबकि गुजरात का रण ऑफ कच्छ नमक से बना सफेद रेगिस्तान है, जो चांदनी रात में किसी सपने जैसा लगता है।
रेगिस्तान की यात्रा मौसम पर बहुत निर्भर करती है। राजस्थान (जैसलमेर-बीकानेर) घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च तक माना जाता है। इस दौरान दिन सुहावने और रातें हल्की ठंडी रहती हैं। वहीं गुजरात का रण ऑफ कच्छ नवंबर से फरवरी के बीच सबसे खूबसूरत दिखता है, खासकर रण उत्सव के दौरान। गर्मियों में दोनों जगहों की गर्मी काफी तेज होती है, इसलिए सर्दियों का मौसम ही आरामदायक और यादगार ट्रिप देता है।
अगर बजट फ्रेंडली ट्रिप चाहते हैं तो राजस्थान थोड़ा आसान विकल्प माना जाता है। यहां हर बजट के होटल, होमस्टे और डेजर्ट कैंप आसानी से मिल जाते हैं। गुजरात के व्हाइट रण में रहने का अनुभव खास होता है, लेकिन रण उत्सव के समय पैकेज थोड़े महंगे हो सकते हैं। सीधे शब्दों में कहें तो मीडियम बजट ट्रिप आप राजस्थान में कर सकते हैं। जबकि गुजरात में प्रीमियम डेजर्ट अनुभव मिलेगा
परिवार के साथ यात्रा कर रहे हैं तो राजस्थान ज्यादा विविध अनुभव देता है। किले, हवेलियां, लोक नृत्य, ऊंट की सवारी और बाजार घूमना बच्चों और बुजुर्गों सभी को पसंद आता है। वहीं गुजरात का रण शांत, खुला और अलग तरह का अनुभव देता है। यहां परिवार के साथ आरामदायक कैंप स्टे और सांस्कृतिक कार्यक्रम अच्छे लगते हैं, लेकिन एक्टिविटीज सीमित होती हैं। इस वजह से फैमिली ट्रिप के लिए राजस्थान थोड़ा ज्यादा एंटरटेनिंग माना जाता है।
अगर कपल ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो गुजरात का व्हाइट रण बेहद खास अनुभव देता है। चांदनी रात में सफेद रेगिस्तान, शांत माहौल और लग्जरी टेंट स्टे रोमांटिक वाइब देते हैं। हालांकि दूसरी तरफ राजस्थान में सनसेट के समय रेत के टीलों पर ऊंट सफारी और बोनफायर नाइट भी कम यादगार नहीं होती।
राजस्थान के रेगिस्तान तक पहुंचना काफी आसान है। जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर ट्रेन, फ्लाइट और सड़क मार्ग से अच्छी तरह जुड़े हुए हैं। वहीं गुजरात के रण ऑफ कच्छ पहुंचने के लिए पहले भुज जाना पड़ता है, वहां से आगे सड़क यात्रा करनी होती है। रास्ता सुंदर जरूर है, लेकिन थोड़ा लंबा लग सकता है। ऐसे में पहली बार ट्रैवल करने वालों के लिए राजस्थान ज्यादा सुविधाजनक ऑप्शन माना जाता है।
अगर पहली बार रेगिस्तान देखने जा रहे हैं और पूरा डेजर्ट अनुभव चाहते हैं जिसमें ऊंट सफारी, लोक संस्कृति, किले और रंगीन बाजार शामिल रहे तो राजस्थान बेहतर शुरुआत है। लेकिन अगर कुछ अलग, शांत और अनोखा अनुभव चाहिए, जहां धरती सफेद चादर जैसी दिखे और रातें जादुई लगें, तो गुजरात का रण ऑफ कच्छ को अपनी लिस्ट में रखें।