अकेले, दोस्तों के साथ या परिवार के साथ आप इस गर्मी मसूरी घूमने का प्लान कर सकते हैं। मसूरी की खूबसूरती पर्यटकों को बेहद पसंद आती है। लेकिन अगर बिना तैयारी के मसूरी ट्रिप पर आप निकल रहे हैं तो आपका मजा खराब भी हो सकता है। कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है जिन्हें यहां डिटेल में समझाया गया है।
दिल्ली, देहरादून और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचते हैं। जाम में फंसकर पूरा मजा किरकिरा ना हो जाए इसके लिए सुबह 4 से 5 बजे के बीच निकलने का प्लान करें। इससे रास्ता भी खाली मिलेगा और सफर आरामदायक रहेगा।
मई और जून के महीने में मसूरी में काफी भीड़ रहती है और होटल जल्दी भर जाते हैं। आखिरी समय में कमरे बहुत महंगे मिलते हैं। इसलिए ट्रिप का प्लान बनाते ही होटल पहले से बुक कर लेना बेहतर होता है।
ज्यादा घूमने का प्लान सिर्फ एक दिन में ही ना बनाएं। केम्प्टी फॉल, गन हिल, कंपनी गार्डन और लाल टिब्बा मसूरी में घूमने के लिए तमाम जगहे हैं ऐसे में आराम से दो या तीन दिन का प्लान बनाएं ताकि हर जगह का मजा ले सकें।
मसूरी का मौसम कभी भी बदल सकता है ऐसे में हल्के गर्म कपड़े जरूर रखें। शाम और रात में ठंडी हवा चलने लगती है। इसलिए हल्की जैकेट या स्वेटर जरूर साथ रखें।
कभी-कभी मसूरी में गर्मियों में भी अचानक बारिश शुरू हो जाती है। ध्यान दें कि पहाड़ों में मौसम कब बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता है ऐसे में बैग में छाता या रेनकोट जरूर रखें। इससे घूमने का मजा खराब नहीं होगा।