टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इटली के खिलाफ मैच में उसे हर हाल में जीत की दरकार थी और विल जैक्स ने दोनों हाथों से यह जिम्मेदारी ली और पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को एक सम्मनजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड के लिए वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इटली के खिलाफ इस मुकाबले में 7 विकेट के नुकसान पर 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान विल जैक्स ने अर्धशतकीय पारी खेली। जैक्स के अलावा फिल सॉल्ट ने 28, टॉम बैंटन ने 30 और सैम करन ने 30 रन की पारी खेली।
विल जैक्स ने इंग्लैंड को शुरुआती झटकों से उबारते हुए पहले सैम करन और फिर जेमी ओवर्टन के साथ अहम साझेदारी की। उन्होंने करन के साथ 25 गेंद में 54 और ओवर्टन के साथ 16 गेंद में 35 रन की साझेदारी की।
इस दौरान विल जैक्स ने 21 गेंद में अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 22 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के के दम पर नाबाद 53 रन की पारी खेली। यह टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज अर्धशतक है।
विल जैक्स ने टी20 वर्ल्ड कप में पूर्व इंग्लैंड कप्तान ओएन मॉर्गन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मॉर्गन ने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच में 25 गेंद में यह कारनामा किया था।
टी20 वर्ल्ड कप में यह विल जैक्स का पहला अर्धशतक भी है। उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 36 मैच में 514 रन बनाए हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में केवल एक अर्धशतक है।
इटली की ओर से ग्रांट स्टीवर्ट ने सुर्खियां बटोरी। 4 ओवर में उसने 51 रन खर्चे जो इटली की ओर से किसी एक पारी में सबसे ज्यादा है। हालांकि, उन्होंने दो विकेट भी चटकाए।